नियम विरुद्ध जाकर भाजपा पार्षदों ने खोला वाल्व, 15 वार्डों में नहीं पहुंचा पेयजल
छिंदवाड़ा
23-Apr-26
निगम की नेताप्रतिपक्ष ने उठाया मामला
छिन्दवाड़ा
नगर पालिक निगम कमजोर हाथों से संचालित हो रही, इसीलिये जनता को चौतरफा मार झेलनी पड़ रही। जलकर का बढ़ा हुआ टैक्स वसूल रही निगम समुचित पेयजल भी प्रदान नहीं कर पा रही है। इसका प्रत्यक्ष व ताजा प्रमाण स्वयं भाजपा के पार्षदों ने धरमटेकड़ी पर पहुंचकर अल सुबह वाल्व खोला जिससे शहर व ग्रामीण क्षेत्र के 15 वार्डों में पेयजल की सप्लाई प्रभावित हो गई। इस कृत्य को निगम में नेता प्रतिपक्ष श्रीमती हंसा अम्बर दाढ़े ने आड़े हाथों लेते हुए उक्त उदगार जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से व्यक्त किए हैं।
श्रीमती हंसा अम्बर दाढ़े ने आगे कहा कि भाजपा शासित निगम जनता को पेयजल, सफाई सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल है। इस बात का प्रमाण एक फिर भाजपा के दो पार्षदों ने वाल्व खोलकर दे दिया है। सबसे बड़ा प्रश्न यह उठ रहा है कि उनके पास चॉबी आई कैसे, क्योंकि उन्होंने सम्बंधित निगम के कर्मचारी से दबंगाई करते हुए चॉबी छीन या फिर अपने प्रभाव से ली, यह जांच और उचित कार्रवाई का विषय है, क्योंकि ऐसा करना नियमों के खिलाफ है। दोनों ही भाजपा पार्षद के द्वारा यह कहते हुए कि उनके वार्डों में पानी नहीं आ रहा इसीलिये वाल्व खोल दी जिससे शहर के वार्ड क्रमांक 5,6,7,8,9, 13,14, 30 व 28 सहित कुल लगभग 15 वार्डों में पेयजल की सप्लाई नहीं हुई। इसके लिए सीधे तौर पर भाजपा के वे पार्षद जिम्मेदार है जिन्होंने वाल्व खोला है।
उन्होंने जारी बयान में आगे कहा कि निगम अव्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार का गढ़ बन चुका है इसका खुलासा स्वयं भाजपा के पार्षद समय-समय पर करते आ रहे, लेकिन यह सबकुछ महापौर को नजर नहीं आना दुभार्ग्य की बात है। नैतिकता के आधार पर उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। इस सम्पूर्ण घटनाक्रम के उपरांत निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो, पार्षद नदीम अहम, शोभी कुरैशी, तरूण कराड़े, आकाश मोखलगाय, सरला सिसोदिया ने नगर पालिक निगम कार्यालय पहुंचकर कमिश्नर से भेंट की और उचित कार्रवाई एवं नगर पालिक निगम क्षेत्र के सम्पूर्ण वार्डों में सुचारू पेयजल सप्लाई किए जाने की मांग की है।