माल्हनवाड़ा हाईस्कूल में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर जागरूकता कार्यक्रम
छिंदवाड़ा
23-Sep-26
छात्राओं ने निकाली गांव की गलियों में रैली

छिंदवाड़ा
समाज में आज भी बेटों को बेटियों से ज्यादा प्राथमिकता दी जा रही है। भू्रण परीक्षण के जरिए गर्भ में ही बेटियों की हत्या जैसा जघन्य अपराध हो रहा है। इस कुरीति को समाप्त करने और लिंगानुपात के अंतर को कम करने के उद्देश्य से शासकीय हाईस्कूल माल्हनवाड़ा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेश कुमार शिवहरे के निर्देशन एवं परियोजना अधिकारी आठनेरे के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
घरेलू हिंसा से बचाव और योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण हब के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया। छात्राओं को जानकारी देते हुए बताया गया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को शासन की योजनाओं, सुविधाओं और कानूनी मदद की जानकारी देकर सहायता पहुंचाना। लिंगानुपात के अंतर को कम करने के लिए छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण देकर जागरूक स्वयंसेवक के रूप में तैयार करना। बेटियों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा देने के लिए संचालित लाडली लक्ष्मी योजना की जानकारी दी गई, ताकि परिवार बेटियों को बोझ न समझें।
बेटी जगत जननी, जन्म पर मनाएं उत्सव
विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र ने कहा कि समाज को बेटियों के प्रति अपनी सोच बदलनी होगी। माता-पिता को बेटी के जन्म पर उत्सव मनाना चाहिए और बिना किसी भेदभाव के उन्हें बेहतर पोषण, शिक्षा और विकास के अवसर देने चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटी जगत जननी है, इसलिए उसकी सुरक्षा और सम्मान के लिए विशेष पहल आवश्यक है। कार्यक्रम के समापन के बाद विद्यालय परिसर से एक जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली ग्राम के प्रमुख मार्गों से होती हुई पंचायत भवन तक पहुंची, जिसमें छात्राओं ने श्बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओश् के नारे लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक राजेंद्र कुकड़े, वंदना लोखंडे, श्रीपाल उईके, बीएसडब्ल्यू छात्र निखिल दखने, साक्षी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनीता धुर्वे और अर्चना भारती का विशेष योगदान रहा।