अजाक्स संघ ने की अतिथि शिक्षक भर्ती में आरक्षण नियमों के पालन की मांग
छिंदवाड़ा
08-Oct-26
बिछुआ (छिंदवाड़ा अपडेट)

शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, विकासखंड बिछुआ में लेखाशास्त्र (अकाउंटिंग) विषय के अतिथि शिक्षक की भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण नियमों का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए अजाक्स संघ ने भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है। इस संबंध में संघ के पदाधिकारियों ने गुरुवार को संस्था की प्राचार्य महोदया को ज्ञापन सौंपा।
अजाक्स संघ के जिला अध्यक्ष शीलाराम अहिरवार ने बताया कि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, ब्लॉक बिछुआ द्वारा विज्ञापन क्रमांक 262, दिनांक 5 अक्टूबर 2026 को लेखाशास्त्र विषय के अतिथि शिक्षक की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। संघ का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्ग के आरक्षण संबंधी नियमों का पालन नहीं किया गया है। साथ ही भर्ती के लिए आवश्यक रोस्टर भी संधारित नहीं किया गया, जिसके कारण आरक्षण व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अजाक्स संघ ने मांग की है कि भर्ती प्रक्रिया की जांच कर नियमानुसार आरक्षण रोस्टर का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रक्रिया में आवश्यक सुधार होने तक भर्ती पर रोक लगाई जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान अजाक्स संघ के जिला सचिव भोजनाथ मोरे, विधि सलाहकार बृजेश कोहरे सहित संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।