छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज में इस साल भी 150 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश
शिक्षा
11-Jul-26
NMC ने दी मंजूरी
छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इस वर्ष भी 150 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश का रास्ता साफ हो गया है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) ने कॉलेज की सीटों के एक्सटेंशन को मंजूरी दे दी है। विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।
इस मंजूरी को लेकर सांसद बंटी विवेक साहू ने इसे अपने प्रयासों का परिणाम बताया है। सांसद कार्यालय के अनुसार, उन्होंने हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर मेडिकल कॉलेज की 150 सीटों के एक्सटेंशन का आग्रह किया था। इसके बाद एनएमसी ने अनुमति जारी की।
हर साल होता है सीटों का मूल्यांकन
जानकारी के मुताबिक नए मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध संसाधनों, फैकल्टी और अधोसंरचना के आधार पर एमबीबीएस सीटों के नवीनीकरण (एक्सटेंशन) की प्रक्रिया हर वर्ष होती है। छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज ने भी निर्धारित मानकों के अनुसार प्रक्रिया पूरी की थी, जिसके बाद एनएमसी ने 150 सीटों की अनुमति जारी की।
पहले भी मिली थीं नई सीटों की स्वीकृति
सांसद कार्यालय का दावा है कि उनके प्रयासों से पहले भी मेडिकल कॉलेज को पीजी की 46 सीटें, एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटें और 24 सीनियर रेजिडेंट पदों की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा हाल ही में 70 नर्सिंग ऑफिसर पदों को भी मंजूरी मिली है, जिन पर विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियुक्तियां की जाएंगी।
सीम्स अस्पताल भी साल के अंत तक शुरू होने की उम्मीद
सांसद कार्यालय के अनुसार मेडिकल कॉलेज परिसर के पास बन रहा सीम्स (SIMS) अस्पताल अंतिम चरण में है। हाल ही में दिशा समिति की बैठक में निर्माण कार्य की समीक्षा की गई थी, जिसमें अधिकारियों ने सितंबर 2026 तक भवन तैयार होने की जानकारी दी। यदि निर्माण समय पर पूरा होता है तो वर्ष के अंत तक जिलेवासियों को नई स्वास्थ्य सुविधा मिलने की उम्मीद है।