Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

एक्टिंग वर्कशॉप में सिखाई जा रही अभिनय के साथ अन्य की बारीकियां

एक्टिंग वर्कशॉप में सिखाई जा रही अभिनय के साथ अन्य की बारीकियां
छिंदवाड़ा
13-Jul-26
छिंदवाड़ा

मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय भोपाल और नाट्यगंगा रंगमंडल छिंदवाड़ा के द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित एडवांस एक्टिंग वर्कशॉप छिंदवाड़ा में चल रही है। विद्यालय के निदेशक संजय श्रीवास्तव मध्यप्रदेश के सभी जिलों में उत्कृष्ठ रंगकर्म के प्रचार प्रसार के लिए प्रयासरत हैं इसके ही अंतर्गत वे नाट्य विद्यालय की रंग प्रयोगशाला के सर्वश्रेष्ठ कलाकारों के द्वारा हर जिले में एडवांस एक्टिंग वर्कशॉप आयोजित कर रहे हैं ।

इस कड़ी में छिंदवाड़ा में उड़ीसा से ज्युधिष्ठिर सुनानी और मध्यप्रदेश से आकाश घोरमारे के निर्देशन में यह कार्यशाला चल रही है । जिसमें ऑडिशन के माध्यम से 20 प्रतिभागियों का चयन किया गया था। नाट्यगंगा अध्यक्ष सचिन वर्मा ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य केवल अभिनय सिखाना नहीं, बल्कि प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, कल्पनाशक्ति, अनुशासन और रचनात्मकता का विकास करना भी है। कार्यशाला की शुरुआत शरीर और आवाज़ के वार्म-अप, श्वास नियंत्रण तथा एकाग्रता के अभ्यासों से की जाती है, जिससे कलाकार मंच के लिए तैयार हो सकें। इसके बाद अभिनय की मूल तकनीकों, भावाभिव्यक्ति, संवाद-अदायगी, उच्चारण, स्वर के उतार-चढ़ाव और शारीरिक भाषा का अभ्यास कराया जाता है।

प्रतिभागियों को इम्प्रोवाइजेशन, चरित्र-निर्माण, स्क्रिप्ट विश्लेषण,  ब्लॉकिंग, प्रॉप्स के उपयोग की मूल जानकारी तथा वेशभूषा और मेकअप का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सीखने की प्रक्रिया को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न थिएटर गेम्स और समूह गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिससे आत्मविश्वास, टीमवर्क और मंच पर सहजता विकसित हो रही है। इन सभी अभ्यासों के आधार पर एक नाट्य प्रस्तुति तैयार की जा रही है, जिससे प्रतिभागियों को अपने सीखे हुए कौशल का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा और इस नाटक का मंचन 18 जुलाई शनिवार को कार्यशाला के समापन पर किया जाएगा।
Share News On