आपदा मित्र सात दिनों में सीखेंगे आपदा प्रबंधन के गुर
छिंदवाड़ा
04-Aug-26
छिंदवाड़ा

प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला होमगार्ड द्वारा स्थानीय ओलंपिक एसोसिएशन खेल एवं युवा कल्याण परिसर में आपदा मित्रों का सात दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से बचाव, राहत एवं प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर जिला होमगार्ड कमांडेंट स्नेहलता पाठ्या ने कहा कि आपदा मित्रों को केवल प्रशिक्षण प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक कर प्रशिक्षक की भूमिका भी निभानी होगी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक एवं मानव आधारित आपदाओं से निपटने के लिए स्वयंसेवकों को व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
रिसोर्स पर्सन श्यामल ने आपदा पूर्व तैयारियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है, ताकि समय रहते लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। वहीं गणेश धुर्वे ने प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं, आपदा मित्र योजना, सिविल डिफेंस की भूमिका, आपदा प्रबंधन के उपाय तथा भारत में आने वाली विभिन्न आपदाओं की विस्तृत जानकारी दी।
खेल अधिकारी के.के. चौरसिया ने कहा कि समाजसेवा की भावना के साथ किया गया यह प्रशिक्षण निश्चित रूप से सार्थक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि आपदा मित्रों का दायित्व है कि वे हर संकट की घड़ी में लोगों की सहायता के लिए आगे आएं। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित अध्ययन सामग्री एवं टी-शर्ट भी वितरित की गई। प्रशिक्षण के आयोजन में एसडीआरएफ एवं होमगार्ड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया।