हनीट्रैप का बिछाया जाल, रेप केस में फंसाने की धमकी देकर मांगे ₹5 लाख
क्राइम
10-Aug-26
कपड़े उतरवाकर बनाया वीडियो
देहात पुलिस ने दो महिलाओं समेत 5 आरोपियों को पकड़ा
5 मोबाइल और कार सहित ₹3.25 लाख का सामान जब्त

छिंदवाड़ा
देहात थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने के मामले में दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने एक व्यक्ति को मकान के कमरे में ले जाकर उसके साथ मारपीट की, कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाया और वीडियो वायरल करने तथा दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपए की मांग की। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
ऐसे सामने आया मामला
पुलिस के मुताबिक 9 अगस्त 2026 को फरियादी ने देहात थाने में लिखित शिकायत दी थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि नुरुल हसन, संदेश सोनी, तनवीर उल्ला, सोनिका साहू और खुशबू ने योजनाबद्ध तरीके से उसे चमन मोहल्ला, गुरैया रोड स्थित तनवीर उल्ला के मकान के कमरे में बुलाया। आरोप है कि कमरे में ले जाने के बाद उसे बंद कर मारपीट की गई। इसके बाद कपड़े उतरवाकर उसका वीडियो बनाया गया। वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपए की मांग किए जाने का आरोप है। शिकायत के आधार पर देहात थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर तंत्र से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की। पुलिस ने विवेचना के दौरान मुखबिर तंत्र और साइबर टीम की मदद से आरोपियों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने नुरुल हसन (35), खुशबू खान (41), तनवीर उल्ला (45), सोनिका साहू (36) और संदेश सोनी (40) को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने फरियादी को कथित रूप से योजना बनाकर फंसाने, मारपीट करने, वीडियो बनाने और 5 लाख रुपए मांगने की बात स्वीकार की। इसके बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
₹3.25 लाख का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 5 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹1.50 लाख, तथा घटना में प्रयुक्त कार, जिसकी कीमत करीब ₹1.75 लाख बताई गई है, जब्त की है। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ₹3.25 लाख है। गिरफ्तार आरोपियों में से तनवीर उल्ला और नुरुल हसन के खिलाफ मारपीट, धोखाधड़ी और जुआ संबंधी प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
अन्य लोगों को भी बनाया निशाना?
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपियों ने इसी तरह की अन्य वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। साथ ही गिरोह में अन्य लोगों की भूमिका और अब तक कितने लोगों को कथित रूप से ब्लैकमेल किया गया, इसकी भी जांच की जा रही है।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक करिश्मा चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक संदीप सिंह राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक राजेश रघुवंशी सहित पुलिसकर्मियों एवं साइबर सेल के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।