पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 के 91 छात्र आए प्रथम
शिक्षा
13-May-26
छिन्दवाडा
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम 2026 में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक - 1 छिंदवाड़ा ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया इतिहास रच दिया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देकर न केवल अपने माता-पिता और शिक्षकों का गौरव बढ़ाया, बल्कि पूरे जिले को भी गौरवान्वित किया है।
विद्यालय के कुल 93 विद्यार्थियों में से 91 विद्यार्थियों ने 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की है। वहीं 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 54 रही तथा 13 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
कला संकाय का शानदार प्रदर्शन - कला संकाय की छात्रा आफिया अनम खान ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। आनंद बरखाने ने 94.8 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय, नाजिया हनफ़ी ने 94.4 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय, अल्फिया कुरैशी ने 93.8 प्रतिशत अंकों के साथ चतुर्थ तथा खुशी बर्मन ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पांचवां स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि शीर्ष पांचों विद्यार्थी कला संकाय से रहे।
विज्ञान संकाय में भी उत्कृष्ट परिणाम - विज्ञान संकाय में मयंक शर्मा ने 92.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। तनिष्का मर्सकोले ने 91.8 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा कनिष्क मिश्रा ने 90.8 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कॉमर्स संकाय के विद्यार्थियों ने भी बढ़ाया मान - कॉमर्स संकाय में रितिका कटारिया ने 91.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। अचल विश्वकर्मा 90.4 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा तनीषा 87.02 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं।
कलेक्टर हरेंद्र नारायन और विद्यालय के प्राचार्य हरि प्रसाद धारकर ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और विद्यालय के समर्पित एवं प्रतिबद्ध शिक्षकों की अथक मेहनत का परिणाम है। विद्यालय परिवार में इस शानदार सफलता को लेकर हर्ष और उत्साह का वातावरण है।