दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 400 मरीजों का किया उपचार
छिंदवाड़ा
02-Feb-26
छिंदवाड़ा
परासिया रोड स्थित एक निजी हॉस्पिटल ने अपनी स्थापना के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर मरीजों की जांच कर उपचार किया। शिविर में लगभग 400 मरीजों का निःशुल्क उपचार किया गया एवं करीब 200 लोगों के रक्त की जांच की गई। शिविर में ओपीडी परामर्श, ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी, एक्स-रे, थायराइड, लिपिड प्रोफाइल सहित अनेक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

इस स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं, जिनमें डॉ. बबीता ठाकुर (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ), डॉ. आशुतोष सिन्हा (मेडिसिन विशेषज्ञ), डॉ. यूसुफ परवेज (शिशु रोग विशेषज्ञ) प्रमुख रूप से शामिल रहे। डॉक्टरों द्वारा मरीजों की विस्तृत जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, उपचार एवं मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि “सेवा ही हमारा संकल्प” के भाव से इस प्रकार के शिविरों का आयोजन निरंतर किया जाएगा, जिससे आमजन को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। शिविर की सफलता पर हॉस्पिटल प्रबंधन ने सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल टीम एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।