Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा के 35 बाल वैज्ञानिकों का चयन

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा के 35 बाल वैज्ञानिकों का चयन
छिंदवाड़ा
05-Jul-25
कलेक्टर ने किया सम्मान, 342 मॉडलों की रही भव्य प्रदर्शनी

छिंदवाड़ा

जिले में आयोजित दो दिवसीय इंस्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी का समापन शुक्रवार को उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में हुआ। इस विज्ञान मेले में छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा क्षेत्र के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने विशेष रूप से उपस्थित होकर बच्चों द्वारा बनाए गए वैज्ञानिक मॉडलों का अवलोकन किया और राज्य स्तर के लिए चयनित 35 बाल वैज्ञानिकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

इस प्रदर्शनी के लिए कुल 416 छात्रों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 342 मॉडल प्रदर्शन के लिए प्रस्तुत किए गए। दिल्ली से आई राष्ट्रीय नव प्रवर्तन प्रतिष्ठान (NIF) की विशेषज्ञ टीम ने सभी मॉडलों का मूल्यांकन किया, जिसमें से 35 बेहतरीन मॉडलों का चयन राज्य स्तरीय इंस्पायर अवॉर्ड प्रतियोगिता के लिए किया गया। अब ये छात्र भोपाल में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।


मंच से किया गया टॉप 5 प्रतिभागियों का विशेष सम्मान

कार्यक्रम में कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने विज्ञान प्रदर्शनी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले टॉप 5 छात्रों — पूर्वा कहार, प्रियांशु धुर्वे, गार्गी गुर्दे, रानी डोळे और दृष्टि सारेयाम — को विशेष प्रशंसा पत्र प्रदान कर मंच से उनका उत्साहवर्धन किया।

कलेक्टर सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा, "छिंदवाड़ा के बच्चों में अद्भुत प्रतिभा है। राज्य स्तर पर चयन होना जिले के लिए गर्व की बात है। यदि ये छात्र राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचते हैं तो प्रशासन की ओर से उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाएगा।"

इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, संयुक्त कलेक्टर अंकिता त्रिपाठी, जिला शिक्षा अधिकारी जीएस बघेल, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य अवध काले सहित कई स्कूलों के शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Share News On