नवोदय विद्यालय से दो छात्र हुए गायब, स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल
छिंदवाड़ा
14-Jan-26
मौके पर पहुंचे एसडीएम और पुलिस, सीसीटीवी फुटेज और सर्च ऑपरेशन से तलाश तेज
छिंदवाड़ा
सिंगोड़ी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के दो छात्र बुधवार की दोपहर लापता हो गए। इस घटना से स्कूल प्रबंधन और प्रशासन दोनों सकते में आ गए है। घटना की जानकारी मिलते ही अमरवाड़ा एसडीएम और पुलिस स्कूल पहुंचे। खबर लिखे जाने तक बच्चों को कोई सुराग नहीं लग पाया था।

बुधवार की दोपहर सिंगोड़ी के जवाहर नवोदय विद्यालय में उस समय हड़कप मच गया जब स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए कक्षा 10वीं के दो छात्र रहस्यमय ढंग से लापता हो गए। दोपहर करीब 3 बजे जब छात्रों की गैरमौजूदगी का पता चला, तो स्कूल प्रबंधन में सकते में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अमरवाड़ा एसडीएम को खबर दी गई। एसडीएम भी तुरंत ही मौके पर पहुंच गए और स्कूल प्रबंधन से बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया। पुलिस स्कूल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ शिक्षकों और सहपाठियों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल छात्रों के भागने या लापता होने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और आम जनता से सूचना देने की अपील की है।