शहरवासियों के लिए राहत की खबर, नहीं बजेंगे तेज आवाज में डीजे
छिंदवाड़ा
26-Aug-25
पुलिस ने डीजे संचालन के लिए गाइड लाईनजारी की
छिंदवाड़ा
डीजे की तेज कर्कश और दिल को दहलाने वाली आवाज से परेशान शहरवासियों के लिए एक अच्छी खबर है। मंगलवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष द्वारा सभी डीजे संचालकों के लिए गाइड लाइन जारी की है। इसका उल्लघंन करने वाले संचालकों का डीजे पुलिस प्रशासन द्वारा जप्त कर लिया जाएगा। इधर डीजे संचालन पर लगी प्रशासनिक रोक से परेशान डीजे संचालक इस खबर से खुश हो सकते हैं क्योंकि अब वे अपना डीजे का संचालन कर सकते हैं लेकिन पुलिस की शर्तों के अनुसार। शर्तों का उल्लंघन करने पर डीजे जप्त करने की कार्रवाई का दरवाजा खुला रहेगा।

जनहित में उठाया था प्रशासन ने कदम
विगत वर्ष तेज, कर्कश और दिल दहलाने वाले डीजे साउंड ने शहरवासियों को परेशान कर दिया था। खासकर दिल के मरीजों, छोटे बच्चों के साथ गर्भवती महिलाओं को सबसे ज् यादा परेशानी होती थी लेकिन डीजे संचालन वालों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ा। प्रशासन की तेज ध्वनि की निर्धारित सीमा की डीजे संचालकों ने धज्जियां उड़ाई जिससे परेशान शहरवासियों ने प्रशासन को शिकायत की लेकिन तब तक समय हाथ से जा चुका था।
डीजे संचालकों की रोजी रोटी का रखा ध्यान
पिछले बार की शिकायतों से सजग प्रशासन ने इस बार गणेश और दुर्गा उत्सव के पहले ही डीजे संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया था। जिसके कारण डीजे संचालन करने वालों की रोजी रोटी पर संकट आ गया था। इस बात से नाराज डीजे संचालकों ने विगत दिनों कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी बात रखी थी। डीजे संचालकों की रोजीरोटी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने डीजे संचालन की अनुमति दे दी है लेकिन इस शर्त के साथ कि डीजे में 2 टाॅप और 2 बेस साउंड बाक्स ही रहेंगे। साथ ही छोटे मालवाहक वाहनों का ही प्रयोग किया जाएगा।
कब होगा विसर्जन
गणेश जी की स्थापना के साथ ही प्रशासन ने भी अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली है। मिली जानकारी के अनुसार प्रशासन ने 6 और 8 सितंबर को गणेश विसर्जन की अनुमति दी है। छोटे पंडाल में विरासित गणेश प्रतिमाओं का विजर्सन इसी दिन किया जाएगा। इसके अलावा बड़ी प्रतिमाओं के लिए अलग से 9 सितंबर की तारीख निश्चित की गई है।