ढर्रे पर चल रही ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्था
छिंदवाड़ा
26-Aug-25
छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कलेक्टर तक गुहार लगानी पड़ रही
छिंदवाड़ा
प्रत्येक मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में होने वाली जन सुनवाई में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीणों की परेशानी बताती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्थाएं अब भी ढर्रे पर चल रही है। कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों की मीटिंग ये बताती है कि वे सतत निगरानी के साथ सख्त लहजे में अधिकारियों से रिपोर्ट लेते हैं लेकिन ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में व्यवस्था वैसी लागू नहीं हो पा रही है जिससे इन क्षेत्रों के नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय आना पड़ता है। इन ग्रामीणों को आवागमन के साथ भोजन-पानी जैसी समस्याओं से भी जूझना पड़ता है। इनकी समस्याएं यदि गांव अथवा ब्लाॅक स्तर पर ही हल हो जाए तो इन ग्रामीणों की परेशानी भी बचेगी और पैसा भी।
जनसुनवाई में 80 लोगों ने बताई समस्याएं
जनसुनवाई कार्यक्रम में आज ग्राम कन्हरगांव के श्री नन्दन, श्री विष्णुकुमार, श्री रग्घू, श्री शिव व श्री आनंद राव ने राजस्व रिकॉर्ड दुरूस्त कर फौती नामांतरण करने, दमुआ के वार्ड नंबर-11 की श्रीमती खेरूननिशा ने आर्थिक सहायता दिलाने, ग्राम जटामा के श्री सरमन मालवीय ने भू-स्वामित्व का आवासीय पट्टा बनाने, ग्राम नवेगांवगौंड के श्री बसंत चैरिया ने मुख्यमंत्री विवाह योजना का लाभ दिलाने, ग्राम पंचायत भूला मोहगांव के ग्रामवासियों ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटवाने, परासिया के श्री सितनलाल मर्सकोले ने समयमान वेतनमान का लाभ दिलाने, चांद नगर के नगरवासियों ने शासकीय उचित मूल्य दुकान रमपुरी कलामंच के पास शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, ग्राम गांगीवाड़ा के श्री रामकिशोर ने नक्शा दुरूस्ती कर कब्जा अनुसार नाम दर्ज करने, छिंदवाड़ा नगर के वार्ड क्रमांक-16 महात्मा गांधी वार्ड सिवनी प्राणमोती के श्री विजेन्द्र डोले ने अन्त्येष्टि सहायता व संबल योजना की राशि दिलाने, लालबाग छिन्दवाड़ा के श्री रामचरण साहू ने सीएम हेल्पलाईन की शिकायत को बिना निराकरण के बंद कराने, नगर के श्री चंचलेश शिवारे ने समग्र आईडी में सुधार कराने व नगर के खिरकापुरा निवासी दिव्यांग श्री सुनील कसार ने तीन पहिया साईकिल दिलाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एडीएम श्री धीरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये।