Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

अब तक की बारिश में पेंच बांध 85.74 प्रतिशत भरा

अब तक की बारिश में पेंच बांध 85.74 प्रतिशत भरा
छिंदवाड़ा
26-Aug-25
छिंदवाड़ा

जिले में अब तक 787 मिमी वर्षा दर्ज हो चुकी है हालांकि यह पिछले वर्ष की तुलना में कम है। पिछले वर्ष इस अवधि तक 1005.8 मिमी औसत वर्षा हो चुकी थी बावजूद इसके छिंदवाड़ा जिले के छोटे-मोटे बांधों में काफी पानी एकत्रित हो चुका है। मिली जानकारी के अनुसार माचागोरा पेंच बांध में  अब तक 85.74 जल भराव हो चुका है। पिछले वर्ष की तुलना में कम वर्षा के कारण यह स्थिति बनी है। मौसम विभाग के अनुसार अभी एक माह और बारिश हो सकती है। ऐसी स्थिति में बांध में सौ प्रतिशत जल भराव हो सकता है। 

प्रदेश में 905.30 मिमी वर्षा दर्ज

प्रदेश में बारिश की स्थिति अच्छी है. इस मानसून में मध्यप्रदेश में आज दिनांक तक 905.30 मि.मी. वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है, जो प्रदेश में औसत वर्षा से 23 प्रतिशत अधिक है। राज्य के पूर्वी हिस्से में औसत से 25 प्रतिशत अधिक एवं पश्चिमी हिस्से में औसत से 22 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। विगत वर्ष आज की स्थिति में मध्यप्रदेश में वास्तविक वर्षा 840.70 मिलीमीटर दर्ज हुई थी, जो कि प्रदेश की औसत वर्षा से 14 प्रतिशत अधिक थी। प्रदेश के प्रमुख बांधों में जल भराव की स्थिति भी अच्छी है। विगत वर्ष आज दिनांक की स्थिति में प्रदेश के प्रमुख बांधों में लगभग 82.23 प्रतिशत औसत जल भराव था, जबकि इस वर्षाकाल में अच्छी बारिश के चलते प्रदेश के प्रमुख बांधों में 83.65 प्रतिशत जलभराव हो चुका है। प्रदेश के 17 बांधों के जल द्वार खोले जा चुके हैं।

प्रदेश के सभी प्रमुख बेसिन में बांधों के जल ग्रहण क्षेत्र में मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी वर्षा के पूर्वानुमान, पानी की आवक और बांधों के गवर्निंग लेवल के दृष्टिगत गेटों का संचालन किया जा रहा है, जिससे बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है। रिजर्वायर लेवल मॉनिटरिंग सिस्टम में चिन्हित प्रदेश के 286 प्रमुख बांधों में से 145 बांधों में 90 प्रतिशत से अधिक, 32 बांधों में 75 प्रतिशत से 90 प्रतिशत तक तथा 45 बांधों में 50 प्रतिशत से 75 प्रतिशत तक जल भराव हो चुका है। इसी प्रकार 27 बांधों में 25 प्रतिशत से 50 प्रतिशत तक, 14 बांधों में 10 प्रतिशत से 25 प्रतिशत तक तथा शेष प्रमुख बांधों में 10 प्रतिशत से कम जल भरा हुआ है।
Share News On