Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

कांग्रेस के होर्टिंग से जिलाध्यक्ष गायब, अगवानी से सेवा दल नदारद

कांग्रेस के होर्टिंग से जिलाध्यक्ष गायब, अगवानी से सेवा दल नदारद
छिंदवाड़ा
19-Aug-25
भाजपा नेताओं ने ली चुटकी

छिंदवाड़ा

यूरिया खाद की कमी और आदिवासियों को केंद्र में रखकर हो रहे कांग्रेस ने आंदोलन की रूपरेखा बनाई। शहर में बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं। इन होर्डिंग में जिलाध्यक्ष की फोटो नहीं लगाई गई है तो वहीं पूर्व सांसद नकुलनाथ के आगमन पर सेवादल की अनुपस्थिति को लेकर भाजपा नेताओं ने चुटकी ली है। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस के जमीनी नेताओं का अब कमलनाथ और नकुल नाथ से मोहभंग हो गया है। कई वर्षों से कांग्रेस और नाथ परिवार की सेवा में लगे कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है।  मंगलवार को जारी बयान में श्री शुक्ला ने कहा कि ख़ुद को संगठन से ऊपर समझने वाले पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुल नाथ के तानाशाही पूर्ण रवैए का हैरत में डालने वाला उदाहरण नज़र आया। अंकुर शुक्ला का कहना है जो लोग राजनीति के जानकार हैं और जिन्हें राजनीतिक दलों के संगठन के प्रोटोकॉल की समझ है, उन्हें अच्छे से पता होता है कि पार्टी के जिला अध्यक्ष की क्या महत्ता होती है, लेकिन कांग्रेस के होर्डिंग्स और पोस्टर्स में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष को ही जगह नहीं दी गई। वहीं कृत्रिम आंदोलन कर किसानों को झूठ परोसने आ रहे प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के ऊपर कमलनाथ और नकुलनाथ की तस्वीरों को जगह दी गई है।
 भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कहा है कि उन्हें कांग्रेस के ही कुछ नेताओं ने फोन पर अपनी पीड़ा बताते हुए कहा है कि कांग्रेस में पराक्रमी नेताओं की जगह नाथ परिवार की परिक्रमा करने वालों को ही हमेशा की तरह संगठन में तरजीह देकर प्रमुख पदों पर उपकृत किया जाता रहा है। कांग्रेस नेताओं की नाराज़गी इसी बात से समझ आती है कि पिछले कई वर्षों से कमलनाथ और नकुल नाथ की अगवानी कर सलामी देने कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता अनिवार्य रूप से इमलीखेड़ा हवाई पट्टी पहुंचते थे।लेकिन आका की हरकतों और कार्यप्रणाली से नाराज सेवादल के कार्यकर्ताओं ने इमलीखेड़ा हवाई पट्टी पर जाकर अगवानी करने और सलामी देने से ही किनारा कर लिया। अंकुर शुक्ला ने कहा है कि उन्हें कांग्रेस के ही मित्रों से इस बात की भी जानकारी मिली है कि कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ अगवानी से किनारा किया है, बल्कि आंदोलन का बहिष्कार  सहित  नकुलनाथ के किसी भी कार्यक्रम से दूरी बनाए रखने का मन बना लिया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कहा कि ये तो चंद उदाहरण हैं। हकीकत तो और खराब है, इन्हीं परिस्थितियों के चलते आज कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में भटकाव की स्थिति है।
Share News On