जनसुनवाई में 171 पहुंचे कलेक्ट्रेट ऑफिस
छिंदवाड़ा
29-Sep-26
छिन्दवाडा अपडेट

राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 171 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, नक्शा दुरूस्त करने, अतिक्रमण हटाने एवं नाला गहरीकरण करने, अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, बिजली पानी की समस्या आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी।
कलेक्टर श्री नारायन ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हांकित किया। जनसुनवाई कार्यक्रम में आज ग्राम शिवपुरी के तिलकराम उबनेर ने गोधुली आश्रम में जगह दिलवाने, चांदामेटा के प्रकाश सिंह पवार ने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का लाभ दिलाने, ग्राम रिछेड़ा के विजयराम यदुवंशी ने असिंचित भूमि में कपिल धारा योजना के अंतर्गत कुंआ बनवाने, परासिया के शेख इरशाद ने नया राशन कार्ड बनवाने, ग्राम इकलहरा की श्रीमती उषा साहू ने पीएम आवास की दूसरी किस्त दिलाने, मोहखेड़ की श्रीमती गायत्री दुबे ने शासकीय भूमि का पट्टा दिलवाने, ग्राम सिंगोड़ी के शेख अकरम ने स्वामित्व योजना अंतर्गत भूमि का खसरा आवंटित करने, ग्राम खड़िया की श्रीमती बिपती ने विधवा पेंशन व राशन दिलाने, ग्राम नाचना के मनोज कुमार परतेती ने मुख्यमंत्री संबल योजना अंतर्गत राशि दिलाने एवं छिंदवाड़ा नगर के मुन्नालाल चौरसिया ने नजूल की भूमि की लीज नवीनीकरण किये जाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार व एडीएम धीरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये।