Home News Helpline Classified Jobs About Contact

जिला चिकित्सालय में विश्व स्तनपान सप्ताह का हुआ शुभारंभ

जिला चिकित्सालय में विश्व स्तनपान सप्ताह का हुआ शुभारंभ
स्वास्थ्य
01-Aug-26
छिन्दवाडा 

स्तनपान, जीवन की सतत शुरुआत के लिए प्रभावी है, उसे और सशक्त बनाएं के अंतर्गत आज जिला चिकित्सालय में सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रमों का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. हर्षवर्धन कुडापे, अस्पताल प्रबंधक डॉ. उदय पराड़कर, डीपीएनएच सुश्री वंदना परिहार, ओपीडी विभागाध्यक्ष एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता पाठक, डॉ. दीप्ति महाजन, डॉ. शीतल गडपाले, प्रभारी डीपीएचएनओ सुश्री वंदना परिहार, एमएच कोऑर्डिनेटर सुश्री स्वर्णलता यादव, यूसेड फाउंडेशन के कोऑर्डिनेटर डॉ. देवेश शर्मा, ओपीडी प्रभारी सुश्री सुरेखा मसीह, नर्सिंग ऑफिसर्स सुश्री मीना धुर्वे, सुश्री अनीता सोनी, सुश्री प्रीति बैस, सुश्री वंदना पावर, सुश्री उर्मिला सहित जिला चिकित्सालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद अस्पताल के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित हितग्राहियों ने स्तनपान संदेश वृक्ष पर स्तनपान से जुड़े प्रेरणादायी विचार एवं संदेश लिखकर लगाए, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इसके बाद आयोजित जागरूकता सत्र में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों तथा शिशु रोग विशेषज्ञों ने गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को जन्म के प्रथम घंटे में स्तनपान प्रारंभ करने, छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने तथा दो वर्ष या उससे अधिक समय तक पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने के महत्व की जानकारी दी। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उपस्थित माताओं की जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का विस्तार से समाधान भी किया।

इस अवसर पर अतिथियों ने अपने उद्बोधन में स्तनपान को स्वस्थ समाज की आधारशिला बताते हुए सभी से इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। अंत में यूसेड फाउंडेशन के डॉ. देवेश शर्मा ने सभी अधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
Share News On