Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

खाद को लेकर अमरवाड़ा में महिलाओं ने किया चक्काजाम

खाद को लेकर अमरवाड़ा में महिलाओं ने किया चक्काजाम
छिंदवाड़ा
17-Jul-25
रात 2 बजे से लगी थी लाईन में, वितरण में गड़बड़ी का आरोप

छिंदवाड़ा

गुरूवार की दोपहर अमरवाड़ा के कचहरी रोड स्थित हैवरसानी सरकारी समिति के बाहर उस समय हंगामा मच गया जब खाद के लिए लाईन में लगी महिलाएं गुस्से से बेकाबू हो गई। नाराज महिला किसानों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल धरनास्थल पर पहुंचा और महिला किसानों को समझाबुझा कर आवागमन सुचारू किया। बताया जा रहा है कि इस आंदोलन में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से जुड़ी महिलाएं शामिल रही।


यूरिया की कमी के चलते जिले के किसानों को अब फसल बर्बाद होने का डर सता रहा है। सहकारी सोसायटी में रात 2-3 बजे से लाईने लग रही है फिर भी यूरिया की एक बोरी के लिए किसान तरस रहे हैं। यहां तक कि महिलाएं भी यूरिया के लिए रात में लाइन में लग रही है। ऐसा ही गुरूवार को अमरवाड़ा के हैवरसानी की सहकारी समिति में रात भर से लाइन में लगी महिलाएं यूरिया न मिलते देख नाराज हो गई और सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। क्षेत्र में राजनीतिक रूप से सक्रिय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कुछ नेता भी इस आंदोलन में सहयोगी बन गए। महिला किसानों ने आरोप लगाया है कि खाद वितरण में गड़बड़ी की जा रही है और जरूररतमंद किसानों को जानबूझ कर खाद नहीं दी जा रही है। यह खबर जब अमरवाड़ा थाना पहुंची तो थाना प्रभारी राजेन्द्र धुर्वे पुलिस बल के साथ पहुंचे और किसानों को समझाबुझा कर मामले को शांत कर धरना समाप्त करवाया। हालांकि किसानों ने कहा है कि यदि समस्या को शीघ्र ही दूर नहीं किया गया तो वे अब बड़ा आंदोलन करेंगे।
Share News On