स्वसहायता समूह की महिलाओं ने कलेक्टर को बताई संघर्ष से आत्मनिर्भरता कहानी
महिला जगत
03-Oct-26
कलेक्टर ने किया उद्यमियों और आजीविका मिशन की दीदियों से संवाद, उनकी समस्याएं भी सुनी

छिन्दवाडा
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत शनिवार को नगर परिषद बड़कुही में आयोजित शिविर के दौरान उद्यमी संवाद एवं आजीविका मिशन की दीदियों से संवाद कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। जिसमें कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने क्षेत्र के उद्यमियों और स्व सहायता समूह की दीदियों से संवाद कर उनके अनुभव जाने और शुरूआती चुनौतियां से लेकर उनकी सफलता की कहानियां भी सुनीं।
कियोस्क संचालन, मसाला निर्माण सहित अनेक है सफलता की कहानियां
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत उद्यमी संवाद कार्यक्रम में कियोस्क संचालक श्रीमती रोशनी साहू और श्रीमती बबीता श्रीवास, मसाला निर्माण (पातालकोट आजीविका उत्पाद) से श्रीमती जयश्री यादव, कृषि उद्यमी श्रीमती संगीता पवार, सब्जी उत्पादक श्रीमती संध्या पवार, इलेक्ट्रॉनिक शॉप संचालक देवकुल पेहरा, पेपर बैग निर्माता अनुराग मालवी, मसाला निर्माण इकाई से इंद्रजीत वर्मा, विमल डेहरिया और विरनलाल यादव से कलेक्टर ने एक - एक कर संवाद किया और उनके अनुभव जाने। पेपर बैग इकाइ संचालित करने वाले अनुराग मालवी ने बताया कि उन्होंने पीएमईजीपी योजना से 13 लाख का लोन लिया। इस इकाई के अतिरिक्त वे वर्तमान में चायपत्ती के पैकेजिंग की इकाई भी संचालित कर रहे हैं, जिसमें वे फ्लेवर्ड चाय पत्ती के व्यवसाय को आगे बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने भविष्य में कुकी निर्माण की इकाई प्रारंभ करने मंशा जाहिर की।
मोरिंगा पावडर की इकाई संचालक ने बताए अनुभव
पीएमएफएमई योजना से लाभान्वित हितग्राही इंद्रजीत वर्मा के द्वारा मसाला निर्माण की इकाई की जानकारी दी गई। जिसके तहत उनके द्वारा ब्रांडिंग पैकेजिंग में और मदद दिए जाने का आग्रह किया। कलेक्टर ने हर सम्भव मदद के लिए आश्वत किया। बिरनवाल यादव के द्वारा मोरिंगा पाउडर निर्माण की इकाई संचालित की जा रही है। जिसको और बढ़ाने के लिए उन्होंने और ऋण की आवश्यकता बताई । कलेक्टर ने अतिरिक्त ऋण के लिए उद्यम क्रांति योजना में ऋण आवेदन हेतु सुझाव दिया ।
कलेक्टर ने बैंकों से कहा उद्यमियों का करें सहयोग
कलेक्टर ने उद्यमियों को विभागीय स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत आवश्यक वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित विभाग एवं बैंक को दिए । साथ ही उद्यानिकी विभाग एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र को अपनी विभागीय योजनाओं के माध्यम से स्थापित होने वाली इकाईयों की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए गये। ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को योजना के बारे में उद्यमियों को जानकारी उपलब्ध कराने के लिए ब्लॉक स्तर पर भी नियमित रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। विधायक श्री वाल्मीक ने महिला उद्यमियों का उदाहरण देते हुए उनसे प्रेरणा लेकर परासिया क्षेत्र के अन्य युवाओं एवं महिलाओं को भी स्वरोजगार योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भरता बनने के लिए प्रेरित किया ।
आजीविका मिशन की दीदियों से संवाद
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की स्वसहायता समूह से जुड़ी दीदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए आजीविका मिशन के माध्यम से अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान जयश्री यादव, शारदा उइके, रोशनी साहू, बबीता श्रीवास एवं संध्या पवार ने ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वसहायता समूह से जुड़ने के बाद आर्थिक एवं सामाजिक रूप से हुए बदलावों के बारे में विस्तार से बताया।
जयश्री यादव ने बताया कि वे पहले घर पर सीमित मात्रा में मसाला उत्पादन करती थीं। स्वसहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने मसाला उत्पादन का कार्य बड़े स्तर पर शुरू किया। वर्तमान में वे स्कूलों एवं छात्रावासों में भी मसालों की आपूर्ति कर रही हैं, जिससे उनकी आमदनी में वृद्धि हुई है तथा उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। शारदा उइके ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि समूह से जुड़ने से पहले उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। स्वसहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने समूह से ऋण लेकर अपने बच्चों की पढ़ाई जारी रखी। आज उनके बच्चे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और कक्षा 12वीं तक पहुंच चुके हैं। समूह से जुड़ने के बाद उनके सामाजिक स्तर में भी सुधार हुआ है तथा वे विभिन्न गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं।
रोशनी साहू एवं बबीता श्रीवास ने बताया कि उन्होंने बैंक सखी के रूप में कार्य प्रारंभ किया। इस कार्य से उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिली और वर्तमान में वे बैंक सखी के रूप में लगभग 10 से 15 हजार रुपये प्रतिमाह की आय अर्जित कर रही है। कलेक्टर ने बैंक सखी दीदी को निर्देशित किया कि ग्रामीण महिलाओं की आय में वृद्धि हो और उनका भविष्य सुनिश्चित हो, इसके लिए उन्हें प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना से जोड़ें। इस पर बैंक सखी दीदी ने बताया कि उनके द्वारा निरंतर इस कार्य को किया जा रहा है और एक दीदी सावित्री कुमरे, आरती समूह की मृत्यु हो जाने के पश्चात उनको 42 लाख रुपए का लाभ एसबीआई रावणवाड़ा से दिलवाया गया है। कार्यक्रम में परासिया विधायक सोहनलाल वाल्मीक, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एसडीएम परासिया शुभम कुमार यादव, न्यूटन, चांदामेटा बुटरिया, बड़कुही नगर परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, परासिया नगर के उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक ताराचंद बावरिया, श्रीमती ज्योति डेहरिया, मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जिला प्रबंधक हेमेंद्र भकने, विकासखंड प्रबंधक जुगल किशोर झारिया, सहायक विकासखंड प्रबंधक तारीक मलिक एवं मोरिना अलबरड सहित अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारीगण, सभी संबंधित नगरीय निकायों के सीएमओ, जनपद सीईओ सहित खंड स्तरीय अधिकारी, क्षेत्र के उद्यमी, स्व सहायता समूह की दीदियां और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद थे।