कलेक्टर ने आंगनवाड़ी में बच्चों के साथ भरे रंग, पूछी समस्याएं
शिक्षा
03-Oct-26
कलेक्टर श्री नारायन ने किया परासिया के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 12 का निरीक्षण

छिन्दवाडा
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने शनिवार को परासिया परियोजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 12 का औचक निरीक्षण कर केंद्र की व्यवस्थाओं, बच्चों की गतिविधियों और उन्हें दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन का बच्चों के प्रति आत्मीय और सहज व्यवहार देखने को मिला। उन्होंने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर सहज बातचीत की और उनकी पढ़ाई, खेल-कूद तथा दैनिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।
बच्चों ने उत्साहपूर्वक कलेक्टर श्री नारायन को एबीसीडी और गिनती सुनाई। बच्चों की प्रस्तुति और आत्मविश्वास को देखकर कलेक्टर ने उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर श्री नारायन ने आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, गतिविधियों और पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एसडीएम परासिया शुभम कुमार यादव और जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग बृजेश शिवहरे भी साथ थे।
कलेक्टर श्री नारायन ने बच्चों के साथ पेपर फ्लावर में रंग भरे
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने बच्चों के साथ ‘पेपर फ्लावर’ में रंग भरने की गतिविधि में सहभागिता की। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर पेपर फ्लावर में रंग भरे और उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित किया। कलेक्टर श्री नारायन को अपने बीच पाकर बच्चे भी बेहद उत्साहित नजर आए। उन्होंने बच्चों से अलग-अलग रंगों की पहचान, चित्रों और गतिविधियों से जुड़े सवाल पूछे तथा बच्चों द्वारा दिए गए जवाबों की सराहना की।
कलर पेंसिल और ड्राइंग बुक पाकर खिले बच्चों के चेहरे
कलेक्टर श्री नारायन ने बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए सभी बच्चों को कलर पेंसिल और ड्राइंग बुक प्रदान की। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों ने उत्साह के साथ कलेक्टर श्री नारायन को अपनी ड्राइंग दिखाईं और अपनी खुशी जाहिर की। कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल, कला और रचनात्मक गतिविधियां भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को सीखने के लिए सकारात्मक और आनंददायक वातावरण उपलब्ध कराने की सराहना की। इस दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने डिजिटल दीदी के नाम से जिले में प्रसिद्ध कर्मठ और लगनशील आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुश्री पूनम चौरसिया के प्रयासों को भी बहुत सराहा, उन्होंने कहां की उनकी मेहनत के परिणाम स्वरूप ही आगनबाड़ी केंद्र के बच्चों में यह आत्मविश्वास और ज्ञान का स्तर दिखाई दे रहा है।
बच्चों ने कलेक्टर श्री नारायन को भेंट किया आम का पौधा
निरीक्षण के दौरान बच्चों ने भी अपनी ओर से कलेक्टर श्री नारायन को आम का पौधा भेंट किया। बच्चों द्वारा दिए गए पौधे को कलेक्टर श्री नारायन ने सहर्ष स्वीकार किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति बच्चों की भावना की सराहना की। उन्होंने बच्चों को नियमित पढ़ाई के साथ ही, खेल कूद गतिविधियों में भी सहभागिता करने और हमेशा स्वस्थ रहने के लिए समय पर खाना खाने के लिए प्रोत्साहित किया।