वन्यप्राणि संरक्षण सप्ताह प्रतियोगिताओं के विजेता पुरस्कृत
शिक्षा
08-Oct-26
छिंदवाड़ा अपडेट

मानव जीवन एवं आने वाली भावी पीढ़ी की सुरक्षा के लिए वन्यजीवों का संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य को लेकर 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक जन जागरूकता कार्यक्रम एवं वन्यप्राणि संरक्षण सप्ताह अंतर्गतं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, जागरूकता रैली, निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली प्रतियोगिता तथा शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन
वन्यजीव चित्रों पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन उत्कृष्ट कन्या छात्रावास में किया गया। प्रतियोगिता में कु. रश्मि बट्टी ने प्रथम, मिताली डेहरिया ने द्वितीय तथा सोनाली नागवंशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता छात्राओं को मुख्य अतिथि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र सिंह साहू एवं संस्था संयोजक श्यामल राव के हाथों मेमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सर्प मित्र महिला शिवानी पवार का विशेष सम्मान
कार्यक्रम के दौरान लोगों की जान जोखिम में पड़ने से बचाने तथा घरों से सर्पों का सुरक्षित रेस्क्यू करने वाली सर्प मित्र शिवानी रमेश पवार को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। बॉम्बे ड्रेस हाउस के राजेंद्र बाकलीवाल की ओर से उन्हें सम्मान स्वरूप उपहार प्रदान किया गया।
संरक्षण से ही मानव जीवन सुरक्षितरू प्राचार्य राजेंद्र साहू
कार्यक्रम के उपरांत प्राचार्य राजेंद्र साहू ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वन्यजीवों का संरक्षण करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। इनके प्राकृतिक संतुलन और संरक्षण से ही मानव का जीवन सुरक्षित रह सकता है।
इसके साथ ही सर्प मित्र हेमंत गोदरे एवं शिवानी पवार ने छात्राओं को सर्पों की विभिन्न प्रजातियों, विषैले एवं बिना विषैले सर्पों की पहचान तथा सर्पदंश की स्थिति में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकगण तथा छात्रावास अधीक्षिका साधना गजभिये एवं अर्चना ढोंगरे का सराहनीय सहयोग रहा।