Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने किया तामिया के एकलव्य स्कूल का निरीक्षण

केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने किया तामिया के एकलव्य स्कूल का निरीक्षण
छिंदवाड़ा
11-Apr-26
प्रेक्टिकल लैब में बच्चों से ली प्रोजेक्ट की जानकारी

छिंदवाड़ा

भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने विकासखंड तामिया स्थित एकलव्य मॉडल रेसिडेंशियल स्कूल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक, आवासीय एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संतोष व्यक्त किया।

प्रेक्टिकल लैब में बच्चों से ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री उइके प्रैक्टिकल लैब भी पहुंचे, जहां विद्यार्थियों द्वारा चंद्रयान सहित विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों एवं प्रयोगों का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी, जिसे देखकर मंत्री श्री उइके काफी प्रभावित हुए और उनकी सराहना की। इसके बाद विद्यालय के ऑडिटोरियम में विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिसके बाद आदिवासी लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।

470 एकलव्य स्कूल संवार रहे बच्चों का भविष्य

संवाद के दौरान मंत्री श्री उइके ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अपने जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसी दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एकलव्य विद्यालय जैसे संस्थान आदिवासी बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मंत्री श्री उइके ने बताया कि देशभर में लगभग 470 एकलव्य मॉडल रेसिडेंशियल स्कूल संचालित हैं, जो आदिवासी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर अवसर प्रदान कर उनके भविष्य को संवारने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए इसे अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस दौरान मंत्री श्री उइके द्वारा स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

इस अवसर पर महापौर श्री विक्रम अहके, राज्य भारिया प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री दिनेश कुमार अंगारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एकलव्य मॉडल रेसिडेंशियल स्कूल स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
Share News On