Home News Helpline Classified Jobs About Contact

समस्याओं से परेशान भाजपा नेताओं ने की आयुक्त से शिकायत

समस्याओं से परेशान भाजपा नेताओं ने की आयुक्त से शिकायत
छिंदवाड़ा
18-Dec-25
गुलाबरा में दूषित पानी सप्लाई सहित अन्य शिकायतों के निराकरण की मांग

छिंदवाड़ा।

नगर निगम में भाजपा के महापौर है लेकिन भाजपा पार्षदों के वार्डों में ही समस्याएं सुलझ नहीं पा रही है जिससे नाराज होकर भाजपा नेताओं को निगम आयुक्त से गुहार लगानी पड़ रही है। गुलाबरा नगर मंडल 4 अध्यक्ष श्रीमती लीला बजोलिया के नेतृत्व में गुरुवार को मंडल 4 के पदाधिकारियों ने नगर पालिक निगम आयुक्त चन्द्रप्रकाश राय से मुलाकात की। उन्होंने गुलाबरा नगर मंडल 4 के सभी वार्डों में नागरिकों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की मांगों से आयुक्त को अवगत कराया।

पदाधिकारियों ने आयुक्त चन्द्रप्रकाश राय को वार्डों में नियमित सफाई ना होने, बिगड़ी हुई पेयजल वितरण व्यवस्था और दूषित पानी सप्लाई से नागरिकों होने वाली समस्याओं से अवगत कराया। मंडल अध्यक्ष श्रीमती लीला बजोलिया ने आयुक्त से चर्चा के दौरान बताया कि नगर पालिक निगम द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में ठेकेदार द्वारा गुणवत्ता का ध्यान रखा जाये तथा निर्माण कार्यों के संबंध में स्थानीय नागरिकों द्वारा शिकायत किए जाने पर तुरंत जांच कराई जाए। आयुक्त चन्द्रप्रकाश राय ने पदाधिकारियों द्वारा बताई समस्याओं के जल्द निराकरण कराने और वार्डों में जारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिए जाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री आशुतोष वाड़ीवा, अंकित तिवारी, उपाध्यक्ष ममता डोंगरे, निशा गोस्वामी, प्रतिभा कपाले, मंत्री कुणाल पाल, मीडिया प्रभारी शक्ति सिंह चौधरी, सोशल मीडिया प्रभारी विकास जामकर, पार्षद दीपा राजेश मोखलगाय, भाजपा नेता सुखपाल सिंह मरकाम आदि उपस्थित रहे।  
Share News On