खाद वितरण व्यवस्था को लेकर सांसद ने लिखा कृषि मंत्री और कलेक्टर को पत्र
राजनीति
16-Aug-26
सांसद ने पत्र के माध्यम से जिले के किसानों को हो रही परेशानियों की दी जानकारी

छिन्दवाड़ा
सांसद बंटी विवेक साहू ने जिले के किसानों को रासायनिक खाद (यूरिया) वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में मध्यप्रदेश शासन में किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, मध्यप्रदेश शासन के वर्तमान मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल एवं कलेक्टर हरेन्द्र नारायण को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने खाद (यूरिया) वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही जिले के किसानों को हो रही परेशानियों की जानकारी भी दी है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने अपने पत्र में लिखा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश में किसान वर्ष मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत किसानों को सभी प्रकार की सुविधाओं के साथ हीं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जाना सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी लक्ष्य अभियान के अंतर्गत किसानों को पर्याप्त मात्रा में रासायनिक खाद्य आदि भी उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश सरकार द्वारा पर्याप्त मात्रा में यूरिया एवं अन्य खाद उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने लिखा है कि देखने में आ रहा है कि किसानों को सुचारू रूप से आवश्यकता अनुसार रासायनिक खाद प्राप्त नहीं हो रही है, जिसकी पुष्टि विगत दिनों चौरई में हुए किसानों के आंदोलन से हो जाती है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने अपने पत्र में लिखा है कि रासायनिक खाद वितरण में हो रही गडबडी एवं अव्यवस्था की वजह से किसानों को सड़कों पर आकर चक्काजाम करना पड़ रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा पर्याप्त मात्रा में रासायनिक खाद उपलब्ध कराने के उपरांत भी किसानों को खाद न मिल पाना यह सिद्ध करता है कि खाद वितरण की व्यवस्था में कहीं ना कहीं कोई चूक या कमी हो रही है, जिसकी वजह से किसान जो की अन्नदाता भी है वे आंदोलन करने पर मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने पत्र के माध्यम से निवेदन किया है कि तत्काल खाद वितरण की व्यवस्था को ठीक करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें एवं किसानों को मक्का इत्यादि फसलों में इस समय लग रही रासायनिक खाद की पर्याप्त मात्रा समय पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था करें।