Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

2 करोड़ से बनने वाले नवीन फायर स्टेशन का सांसद और महापौर ने किया भूमिपूजन

2 करोड़ से बनने वाले नवीन फायर स्टेशन का सांसद और महापौर ने किया भूमिपूजन
छिंदवाड़ा
15-Apr-26
अब आगजनी जैसी घटनाओं पर होगा त्वरित नियंत्रण: बंटी विवेक साहू

छिन्दवाड़ा

लंबे समय से नगरवासियों की मांग थी कि एक आधुनिक सुविधाओं से युक्त फायर स्टेशन का निर्माण हो, जिससे आगजनी जैसी घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण पाया जा सके और संभावित नुकसान को कम किया जा सके। उक्त आशय के उदगार सांसद बंटी विवेक साहू ने इमलीखेड़ा चौक पर 2 करोड़ की लागत से बनने वाले नवीन फायर स्टेशन के भूमिपूजन के अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुये व्यक्त किये।

सांसद बंटी विवेक साहू ने यह भी बताया कि आवश्यकता पड़ने पर यह फायर स्टेशन आसपास के जिलों को भी अपनी सेवाएं प्रदान कर सकेगा। सांसद ने महापौर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नगर के विकास के लिए उनके प्रयासों से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और स्टेडियम का निर्माण भी प्रस्तावित है। बुधवार को इमलीखेड़ा चौक पर नवीन फायर स्टेशन के निर्माण हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद बंटी विवेक साहू एवं महापौर विक्रम अहके के करकमलों द्वारा निर्धारित स्थल पर विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ।

2 एकड़ में 2 करोड़ की लागत से होगा तैयार

उल्लेखनीय है कि इस नवीन फायर स्टेशन का निर्माण लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा तथा यह लगभग 2 एकड़ क्षेत्र में विस्तारित होगा। विशेष रूप से यह फायर स्टेशन पाइपलाइन के माध्यम से वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़ा रहेगा, जिससे उपचारित जल का उपयोग किया जाएगा और जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।  इस पहल को शहर की आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।  भूमिपूजन के पश्चात सांसद एवं महापौर ने आम नागरिकों को संबोधित किया। महापौर विक्रम अहके ने अपने संबोधन में कहा कि फायर स्टेशन की लोकेशन इस प्रकार निर्धारित की गई है कि फायर वाहनों के संचालन में यातायात बाधा न्यूनतम रहे और यह व्यापक क्षेत्र में प्रभावी सेवाएं प्रदान कर सके। 

कार्यक्रम में यह रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मंडल अध्यक्ष श्रीमती लीला बाजोलिया, सौरभ ठाकुर, नवीन वार्सकर, अंकुर शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के सभापति उपस्थित रहे। इनमें श्रीमती प्रवीण जागेन्द्र अल्डक (स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन), श्रीमती नमिता मनोज सक्सेना (लोक निर्माण एवं उद्यान विभाग), राहुल उईके (योजना एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग), संजीव (रंगू) यादव (सामान्य प्रशासन विभाग), चंद्रभान देवरे (वित्त एवं लेखा विभाग), प्रमोद शर्मा (विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग), बलराम साहू (राजस्व विभाग), श्रीमती शिल्पा राकेश पहाड़े (शहरी गरीबी उपशमन विभाग), श्रीमती सुनीता विजय पाटिल (यातायात एवं परिवहन विभाग) तथा श्रीमती अरुणा मनोज कुशवाहा (जलकार्य एवं सीवरेज विभाग), श्रीमति शिवानी बंटी सक्सेना, अरविंद राजपुत, रवि मालवी, विश्वेन्द्र बैस शामिल रहे। इसके अतिरिक्त पार्षदगण, नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय, निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा शहर के गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।









Share News On