Home News Helpline Classified Jobs About Contact

नम आंखों से विदा हुए श्री छिंदवाड़ा के महाराजा

नम आंखों से विदा हुए श्री छिंदवाड़ा के महाराजा
धर्म
26-Sep-26
ढोल-ताशों की गूंज, आतिशबाजी और जयघोष के बीच निकला भव्य विसर्जन चल समारोह

माता बगलामुखी स्वरूप में सजे रथ ने मोहा शहरवासियों का मन

छिंदवाड़ा अपडेट

भक्ति और भावनाओं से सराबोर माहौल के बीच श्री छिंदवाड़ा के महाराजा को नम आंखों से विदाई दी गई। 15वें वर्ष के गणेशोत्सव के समापन पर निकला भव्य विसर्जन चल समारोह शहर में आकर्षण का केंद्र बना रहा। ढोल-ताशों की गूंज, भक्तों का उत्साह, आतिशबाजी और “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष के बीच महाराजा ने भक्तों से विदा ली।

पुराना गुरैया नाका स्थित स्थापना स्थल से शुरू हुए विसर्जन चल समारोह में शुरुआत से ही भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। भव्य मुख्य द्वार पर महाराजा के रथ के पहुंचते ही फूलों और गुलाल की वर्षा की गई। फूलों और गुलाल से सराबोर महाराजा का यह मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहा। चारों ओर जयघोष और पुष्पवर्षा के बीच महाराजा का अभिनंदन किया गया, जिसने विसर्जन यात्रा के इस पल को यादगार बना दिया।

महाराष्ट्र के शिव तांडव ढोल-ताशा पथक ने बांधा समां

विसर्जन यात्रा में महाराष्ट्र के शिव तांडव ढोल-ताशा पथक की जोरदार प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया। ढोल-ताशों की गूंज के साथ बड़ी संख्या में युवा और गणेश भक्त थिरकते नजर आए। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया।

माता बगलामुखी स्वरूप में सजे रथ ने मोहा मन

महाराजा का भव्य विसर्जन रथ इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। माता बगलामुखी के स्वरूप में सजे रथ को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। जैसे-जैसे रथ शहर के मार्गों से आगे बढ़ा, श्रद्धालु महाराजा के दर्शन के लिए उमड़ते रहे।

आतिशबाजी रही आकर्षण का केंद्र 

विसर्जन यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख स्थानों पर हुई आकर्षक आतिशबाजी ने वातावरण को उत्सवी रंग से भर दिया। रोशनी और आतिशबाजी के बीच महाराजा की विदाई का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए यादगार बन गया।

जगह-जगह हुआ स्वागत और पूजन

विसर्जन मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा गणेश भक्तों ने महाराजा का स्वागत किया। जगह-जगह आरती, पूजन और पुष्पवर्षा की गई। हर ओर “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष गूंजते रहे।

विदाई के पल हुए भावुक  महाराजा ओर राजा का फव्वारा चौक पर हुआ अद्भुत मिलन 

जैसे ही महाराजा विसर्जन स्थल की ओर बढ़े, भक्तों की आंखें नम हो गईं। पूरे उत्साह के साथ उत्सव मनाने के बाद विदाई की बेला ने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। भक्तों ने हाथ जोड़कर महाराजा से अगले वर्ष फिर भव्य रूप में आने की प्रार्थना की। समिति के संस्थापक अमित राय,डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा, पदाधिकारी संदीप अग्निहोत्री एवं इमरत चक्रवर्ती सहित समिति के सदस्यों और गणेश भक्तों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।



Share News On