Home News Helpline Classified Jobs About Contact

लाड़ली बहनों के खाते में सरकार ने पहुंचाएं 1750 रुपए

लाड़ली बहनों के खाते में सरकार ने पहुंचाएं 1750 रुपए
महिला जगत
19-Aug-26
रक्षाबंधन के शगुन के रूप में 250 रुपए की अतिरिक्त राशि शामिल

छिंदवाड़ा की 3 लाख 12 हजार 963 से अधिक लाड़ली बहनों को भी 55 करोड़ रूपये

छिन्दवाडा 

रक्षाबंधन के पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से प्रदेश की लाड़ली बहनों को मिली अतिरिक्त सौगात ने उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी है। मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक पात्र लाड़ली बहनों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 2148 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की। इसमें मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त के 1500 रुपए के साथ रक्षाबंधन के शगुन के रूप में 250 रुपए की अतिरिक्त राशि शामिल है। इस तरह प्रत्येक पात्र बहन के खाते में कुल 1750 रुपए सीधे डीबीटी के माध्यम से पहुंचे।      

छिंदवाड़ा जिले की 3 लाख 12 हजार 963 से अधिक लाड़ली बहनों को भी 55 करोड़ रूपये से अधिक राशि का लाभ मिला है। जिले की विभिन्न परियोजनाओं में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वेबकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम देखने पहुंचीं लाड़ली बहनों ने खाते में 1750 रुपए की राशि मिलने पर खुशी जाहिर की और इसे रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्रीजी की ओर से मिले विशेष शगुन के रूप में बताया।       

लाड़ली बहना श्रीमती प्रमिला ने कहा कि हर महीने मिलने वाली 1500 रुपए की राशि से पहले से ही परिवार को आर्थिक मदद मिल रही है। इस बार रक्षाबंधन पर 250 रुपए अतिरिक्त मिलने से त्योहार की खुशियां और बढ़ गई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।      

सुश्री संगीता बुनकर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस बार 250 रुपए अतिरिक्त देकर बहनों को 1750 रुपए की राशि दी है। इससे वे रक्षाबंधन का त्योहार और उत्साह के साथ मना सकेंगी। वहीं श्रीमती ममता सोनी ने कहा कि नियमित आर्थिक सहायता से परिवार को सहारा मिलता है, लेकिन रक्षाबंधन के अवसर पर मिली अतिरिक्त राशि से वे अपनी पसंद की राखी और मिठाई खरीदकर भाई के साथ त्योहार को खुशी से मना पाएंगी।       

इसी तरह श्रीमती गीता प्रजापति, संगीता शर्मा, रीना मंडराह और श्रीमती शकुनिया यादव ने भी बढ़ी हुई राशि के लिए मुख्यमंत्रीजी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस राशि से कोई बहन भाई के लिए राखी, कपड़े और मिठाई खरीदेगी, तो कोई अपने लिए साड़ी ले सकेगी। आर्थिक चिंता से राहत मिलने के साथ बहनों की त्योहार की खुशियां भी दोगुनी हो गई हैं।        

रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर लाड़ली बहनों के खातों में पहुंची 1750 रुपए की संयुक्त राशि उनके लिए सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि भाई-बहन के स्नेह के पर्व को पूरे उत्साह से मनाने का माध्यम भी बन रही है। छिंदवाड़ा की बहनों के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी इस बात की गवाह है कि त्योहार की खुशियों में मुख्यमंत्रीजी से मिले शगुन ने रक्षाबंधन के त्योहार को बहनों के लिए और यादगार बना दिया है।
Share News On