Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कलेक्टर ने कहा, विद्यार्थियों के अनिवार्य बायोमेट्रिक कार्य को प्राथमिकता से करें

कलेक्टर ने कहा, विद्यार्थियों के अनिवार्य बायोमेट्रिक कार्य को प्राथमिकता से करें
शिक्षा
13-Oct-26
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न

छिन्दवाडा अपडेट

जिले में आधार सेवाओं के प्रभावी एवं सुचारू क्रियान्वयन तथा नागरिकों को आधार संबंधी सेवाओं का सुलभ एवं त्वरित लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आधार सेवाओं की गुणवत्ता, विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री नारायन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधार सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए समन्वित प्रयास सुनिश्चित किए जाएं।

विद्यार्थियों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पर जोर

कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि 5 एवं 15 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के लिए विद्यालयों में आयोजित किए जा रहे विशेष शिविर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि समय पर बायोमेट्रिक अपडेट नहीं होने से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है। अतः इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए शत-प्रतिशत पात्र विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित किया जाए।

लंबित आधार प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण

बैठक में तहसील स्तर पर 18 वर्ष से अधिक आयु के लंबित आधार नामांकन प्रकरणों तथा 100 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन प्रकरणों का सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग, डाक विभाग, शिक्षा विभाग तथा जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी के माध्यम से संचालित आधार मशीनों को तत्काल सक्रिय कर नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए, ताकि नागरिकों को अपने निकटतम केंद्रों पर आधार सेवाओं का लाभ मिल सके।

आधार ऑपरेटरों को दिया गया गुणवत्ता सुधार प्रशिक्षण

बैठक के पूर्व जनपद पंचायत छिंदवाड़ा के सभाकक्ष में यूआईडीएआई भोपाल के दीपक शर्मा एवं जिला ई-गवर्नेंस प्रबंधक द्वारा जिले के समस्त आधार ऑपरेटरों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में आधार कार्ड में नाम, लिंग, जन्मतिथि, पता एवं मोबाइल नंबर में संशोधन, लिमिट क्रॉस से संबंधित प्रकरणों के निराकरण, अनाथ बच्चों के आधार नामांकन तथा आधार सेवाओं से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला ई-गवर्नेंस टीम द्वारा ऑपरेटरों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करते हुए नामांकन एवं अपडेट कार्यों में त्रुटियों को न्यूनतम करने, नागरिकों की सुविधा के लिए प्रभावी बैठक एवं टोकन व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आधार केंद्रों का सुचारू संचालन करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण का उद्देश्य आधार सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करना, लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना तथा जिले के नागरिकों को सरल, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण आधार सेवाएं उपलब्ध कराना है।

जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, डिप्टी कलेक्टर राहुल कुमार पटेल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, इंडिया पोस्ट एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के अधिकारी तथा यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल से सहायक प्रबंधक दीपक शर्मा उपस्थित थे। निकेत दीवान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की। इसके अतिरिक्त जिला लोक सेवा प्रबंधक, जिला ई-गवर्नेंस प्रबंधक, विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख तथा समस्त अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
Share News On