Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कलेक्टर ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर के दिए निर्देश

कलेक्टर ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर के दिए निर्देश
छिंदवाड़ा
15-Sep-26

कलेक्टर श्री नारायन ने ली समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक

हर्रई और तामिया के छात्रावास अधीक्षकों को कारण बताओ नोटिस

छिन्दवाडा 

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं शासन की प्राथमिकता वाले विषयों की विभागवार समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, खाद्य सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, आबकारी तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे, जबकि जिले के सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

सुआम गांव में बालिका की मृत्यु के मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश

बैठक में कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने ग्राम सुआम में निर्माण कार्य के दौरान खुले पड़े गड्ढे में गिरने से दो वर्षीय बालिका की हुई मृत्यु की घटना की समीक्षा की। उन्होंने इस मामले में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित उपयंत्री को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम सुआम से दोबरीढाना मार्ग पर संचालित निर्माण कार्य के ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

मलेरिया प्रभावित छात्रावासों के अधीक्षकों को जारी होंगे कारण बताओ नोटिस

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान हर्रई एवं तामिया विकासखंड के कुछ आदिवासी छात्रावासों में विद्यार्थियों के मलेरिया संक्रमित पाए जाने की जानकारी प्रस्तुत की गई। इस पर कलेक्टर ने चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित छात्रावास अधीक्षकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें

बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि जिले के होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमित रूप से औचक निरीक्षण किए जाएं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, रसोई व्यवस्था, खाद्य सुरक्षा मानकों तथा लाइसेंस संबंधी प्रावधानों का परीक्षण किया जाए। जहां भी कमियां पाई जाएं, वहां संचालकों को बिंदुवार नोटिस जारी कर समय-सीमा में सुधार सुनिश्चित कराया जाए।

18 सितम्बर को ग्राम तराई में आयोजित होगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर 

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने बताया कि आगामी 18 सितम्बर को विकासखंड जुन्नारदेव के ग्राम तराई में जनसमस्या निवारण शिविर एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि शिविर केवल औपचारिकता न होकर आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बने, इसके लिए सभी विभाग पूर्व तैयारी के साथ उपस्थित हों। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिविर हेतु चयनित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों एवं लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

50 आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण कर प्रस्तुत करेंगे प्रतिवेदन

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने शहर के 50 आंगनबाड़ी केन्द्रों का जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला विकास द्वारा आकस्मिक निरीक्षण कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं निर्धारित आंगनबाड़ी केन्द्रों में पहुंचकर भवन, पोषण आहार वितरण, बच्चों की उपस्थिति, साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन करें। निरीक्षण के दौरान केन्द्रों की फोटोग्राफ सहित विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर कलेक्टर को प्रस्तुत किया जाए, ताकि जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन किया जा सके।

पीएमएफएमई योजना की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की समीक्षा के दौरान योजना की अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी  व्यक्त की। उन्होंने उप संचालक उद्यानिकी को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाया जाए। साथ ही योजना के प्रचार-प्रसार एवं लक्ष्य पूर्ति के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने के निर्देश

कलेक्टर श्री नारायन ने आबकारी विभाग को निर्देशित किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों एवं विशेष अवसरों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


Share News On