आज 1 जुलाई से तत्काल बुकिंग पर आधार वेरिफिकेशन और 8 घंटे पहले कन्फर्म टिकट सुविधाएं लागू
देश
30-Jun-25
आज से ही रेल किराए में मामूली बढ़ोतरी
छिंदवाड़ा
रेल यात्रियों के लिए 1 जुलाई 2025 नई घोषणाएं लागू करने के लिए जाना जाएगा। इस दिन से जहां तत्काल बुकिंग करने वाले यात्रियों के लिए आधार वेरिफिकेशन लागू किया जा रहा है तो वहीं 8 घंटे पहले ही यात्रियों के टिकट कन्फर्म जैसी सुविधाएं भी दी जाएगी। इसके साथ ही एक्सप्रेस ट्रेनों में एसी और स्लीपर सफर के किराए में मामूली वृद्धि भी की जा रही है।
तत्काल बुकिंग पर आधार वेरिफिकेशन जरूरी
दलालों और फर्जी एजेंट्स द्वारा तत्काल बुकिंग पर होने वाले फर्जीवाड़े को रोकने के लिए रेलवे 1 जुलाई से ही एक नए नियम को लागू करने जा रहा है। भारतीय रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग पर बड़े बदलाव किए हैं। 1 जुलाई से तत्काल बुकिंग करने वाले यात्रियों को IRCTC की वेबसाइट या एप पर आधार वेरिफेकिशन करना जरूरी होगा। इसके लिए 10 मिनट का समय दिया जा रहा है जिसमें यात्रीगण तत्काल बुकिंग कर सकते हैं और ओटीपी के माध्यम से अपनी सीट सुरक्षित कर सकते हैं। केवल 10 मिनट के लिए समय दिया गया है ताकि यात्रीगण स्वयं टिकट बुकिंग कर सके।
8 घंटे पहले ही टिकट हो जाएगा कन्फर्म
लंबी दूरी के लिए चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को अब कन्फर्म टिकट के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। जिन ट्रेनों का डिपार्चर टाईम दोपहर 2 बजे से पहले है उनका चार्ट एक दिन पहले रात 9 बजे तैयार हो जाएगा। अभी तक चार्ट सिर्फ 4 घंटे पहले बनता था । नई प्रणाली से यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं होने पर वैकल्पिक यात्रा या दूसरा टिकट बुक करने के लिए अधिक समय मिलेगा। इससे पहले रेलवे विभाग ने 1 मई से वेटिंग टिकट के लिए नए नियम लागू किए थे। इस नियम के अनुसार वेटिंग लिस्ट टिकट यात्रियों को स्लीपर या एसी कोच में यात्रा करने की अनुमति नहीं है। नियम का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर जुर्माना लगेगा । एसी कोच के लिए 440 रूपए और स्लीपर के लिए 250 रूपए जुर्माने का प्रावधान है।
किराए में मामूली बढ़ोतरी शुरू
वर्ष 2025 की जुलाई से रेल यात्राओं के किराए में बढ़ोतरी हो रही है। यदि आप 1000 किमी से अधिक की दूरी की यात्रा करने वाले हैं तो आपको टिकट के लिए थोड़ा अधिक खर्च करना होगा। हालांकि रेलवे ने यह स्पष्ट कर दिया है कि किराए में बढ़ोतरी सिर्फ एक्सप्रेस ट्रेनों पर ही की जा रही है। छोटी दूरी की और पैंसेजर ट्रेनों के किराए पहले जैसे ही रहेंगे।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार नॉन एसी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के किए में 1 पैसा प्रति किलोमीटर और एसी क्लास के किराए में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी होने जा रही है। 1 जुलाई से बढ़ी हुई दरें लागू हो जाएगी। अगर आप 500 किमी यात्रा कर रहे हैं तो नॉन-एसी में 5 रूपए और एसी में 10 रूपए अधिक देने पड़ेंगे वहीं 1000 किमी के सफर में एसी में 20 रूपए और नॉन एसी में 10 रूपए अधिक देने होंगे। गौरतलब है कि पिछले 5 सालों में रेलवे ने किसी भी तरह की कोई भाड़ा वृद्धि नहीं की है। अब रेलवे के सामने बढ़ते खर्चें और रखरखाव की बढ़ती हुई लागत को देखते हुए रेलवे ने किराए में मामूली वृद्धि की है। किराए में वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग को राहत दी गई है।