सेवा संकल्प यात्रा अमरवाड़ा और चौरई पहुंची, थावड़ी गौशाला में 101 पौधों का रोपण
राजनीति
27-Sep-26
छिंदवाड़ा अपडेट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी तक निकली सेवा संकल्प बाइक यात्रा का अमरवाड़ा एवं चौरई विधानसभा क्षेत्र में आत्मीय स्वागत किया गया। करीब 25 बाइक सवार सेवा यात्रियों के दल ने यात्रा के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया।
गौ लक्ष्मी सेवा समिति ने किया स्वागत
अमरवाड़ा पहुंचने पर नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं गौ लक्ष्मी सेवा समिति के सदस्यों ने सेवा यात्रियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। यात्रा के अमरवाड़ा विधानसभा में प्रवेश करते ही सिंगोड़ी बाईपास पर अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह ने सेवा यात्रियों का स्वागत किया। अमरवाड़ा में रात्रि विश्राम के बाद रविवार की सुबह सेवा यात्रियों ने जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों के साथ थावड़ी स्थित गौशाला में सेवा कार्य किया । यहां गौसेवा एवं गौपूजन के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत 101 पौधों का पौधरोपण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सेवा यात्रियों ने पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी लेने के साथ गौसेवा एवं सामाजिक सेवा को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर गौसेवा को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए गौशाला की व्यवस्थाओं में सहयोग का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में टीकाराम चंद्रवंशी, धर्मेंद्र मिगलानी, अमरवाड़ा से गोल्डी नेमा, चंचलेश चचड़ा, विनोद चंद्रवंशी, सुरक्षा जैन, श्रीमती ममता तिवारी, श्रीमती माया डेहरिया सहित गौ लक्ष्मी सेवा समिति के सदस्य एवं सेवा यात्रा में शामिल बाइक सवार यात्री उपस्थित थे।
अन्नपूर्णा लॉन में लाभार्थियों से संवाद
इसी क्रम में चौरई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अन्नपूर्णा लॉन में भी वडनगर से वाराणसी तक चल रही सेवा संकल्प यात्रा के सेवा यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। यहां आयोजित सेवा संवाद कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया गया। सेवा यात्रियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर योजनाओं से मिले लाभ और उनके अनुभवों को जाना। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे, महामंत्री विजय पांडे, लखन वर्मा, संदीप रघुवंशी, टीकाराम चंद्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे। छिंदवाड़ा जिले में तीन दिन विभिन्न सेवा कार्यों में सहभागिता और जन संवाद के बाद इस सेवा यात्रा ने समसवाड़ा होते हुए सिवनी जिले के लिए प्रस्थान किया।