Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

बसों में आपातकालीन गेट पर लगाई सीट, थमाया नोटिस

बसों में आपातकालीन गेट पर लगाई सीट, थमाया नोटिस
छिंदवाड़ा
09-Jul-26
आरटीओ की 13 वाहनों पर चालानी कार्रवाई, किया 85000 रूपये का जुर्माना

छिन्दवाडा

गुरुवार को अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला के निर्देशन में परिवहन विभाग के विशेष जांच दल द्वारा नागपुर-छिंदवाड़ा मार्ग पर संचालित यात्री वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग 40 यात्री वाहनों की जांच कर उनके दस्तावेज, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, ओवरलोडिंग सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं का परीक्षण किया गया।

जांच के दौरान यह भी पाया गया कि अन्य मार्गों पर संचालित कुछ यात्री वाहन निर्धारित रूट परमिट के बिना केवल पिकनिक, शादी-विवाह जैसे स्पेशल परमिट अथवा ऑल इंडिया परमिट के आधार पर शहर के बस स्टैंड से यात्रियों का परिवहन कर रहे हैं, जो परमिट नियमों के विरुद्ध है। इस पर विशेष जांच दल द्वारा सघन जांच करते हुए चालानी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान जिन बसों में आपातकालीन द्वार पर सीट लगी मिली अथवा आपातकालीन द्वार खराब स्थिति में पाया गया, ऐसी बसों के फिटनेस निरस्त करने की कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किए गए। वाहन क्रमांक एमएच-31-एफसी-8760, एमपी-34-पी-0355, एमपी-28-पी-0653 एवं एमपी-28-पी-1015 के चालकों को मौके पर ही नोटिस दिए गए। मोटरयान अधिनियम के तहत दस्तावेजों एवं अन्य कमियां पाए जाने पर कुल 13 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 85000 रुपये का राजस्व वसूल किया गया। परिवहन विभाग ने सभी यात्री वाहन संचालकों एवं चालकों को समझाइश दी कि वे मोटरयान अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर भविष्य में भी विधि अनुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Share News On