देहात पुलिस ने पकड़ा गांजा तस्कर, 26 से अधिक का गांजा जब्त
छिंदवाड़ा
03-May-26
छिंदवाड़ा
थाना देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है जिसके पास से लगभग 26 हजार से अधिक का गांजा जब्त किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली थी कि खजरी क्षेत्र के नजाम बगीचा एरिया स्थित कैलाश विहार कॉलोनी में एक व्यक्ति अपने घर के पीछे खेत में अवैध रूप से गांजा उगा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस ने आरोपी प्रकाश सावले (उम्र 35 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके खेत की तलाशी ली, जहां दो अलग-अलग स्थानों पर गांजे के पौधे लगे पाए गए।
कार्रवाई के दौरान कुल 7 गांजे के पौधों को उखाड़कर जब्त किया गया, जिनका कुल वजन करीब 2 किलो 600 ग्राम और अनुमानित कीमत 26 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में निरीक्षक जी.एस. राजपूत, उपनिरीक्षक महेश अहिरवार, हर्षनागड़े, संदीप सिंह राजपूत सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।