Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

मध्यप्रदेश में 19 हजार से अधिक आंगनबाड़ी पदों पर भर्ती, 4 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन

मध्यप्रदेश में 19 हजार से अधिक आंगनबाड़ी पदों पर भर्ती, 4 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
मध्यप्रदेश
22-Jun-25
भोपाल
मध्यप्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सहायिका के 19,504 पदों पर बंपर भर्ती निकाली गई है। यह भर्ती प्रदेश के 55 जिलों में की जा रही है। विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इनमें 2,027 पद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हैं, जबकि 17,477 पद आंगनबाड़ी सहायिकाओं के लिए आरक्षित हैं। इच्छुक महिलाएं 4 जुलाई 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।


इस भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को हायर सेकेंडरी (12वीं पास) होना अनिवार्य है। इसके साथ ही उनकी आयु 1 जनवरी 2025 को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। एक और जरूरी शर्त यह है कि आवेदन करने वाली महिला उसी ग्राम पंचायत या शहरी वार्ड की निवासी होनी चाहिए, जहां पद रिक्त है। अन्य किसी ग्राम या वार्ड की महिला पात्र नहीं मानी जाएगी।

आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन रहेगी। अभ्यर्थी MP Online के पोर्टल https://chayan.mponline.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन MP Online कियोस्क से भी किए जा सकते हैं। इसके लिए ₹100 शुल्क और 18% जीएसटी देय है। आवेदन पत्र का प्रारूप mpwcdmis.gov.in पर उपलब्ध है। आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 7 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है। किसी भी समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 0755-6720208 जारी किया गया है।

जिलेवार रिक्तियों की बात करें तो महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया के गृह जिले झाबुआ में सहायिका के सर्वाधिक 890 पद, और अलीराजपुर में 839 पद रिक्त हैं। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के सबसे ज्यादा 95 पद शिवपुरी और 66 पद सागर जिले में खाली हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस भर्ती प्रक्रिया की सराहना करते हुए कहा है कि राज्य सरकार महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने चयनित पर्यवेक्षकों को भी शुभकामनाएं दी हैं।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल ऑनलाइन माध्यम से ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। कोई भी ऑफलाइन आवेदन या कार्यालय में जमा किया गया आवेदन मान्य नहीं होगा। जिन केंद्रों के विरुद्ध न्यायालयों में प्रकरण लंबित हैं, उनकी भर्ती प्रक्रिया न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।
Share News On