राजकुमार चौवितकर बने अशासकीय शाला संघ विकासखंड अध्यक्ष
शिक्षा
02-Oct-26
संगठन की मजबूती और विद्यालय संचालकों के हितों का लिया संकल्प

छिंदवाड़ा अपडेट
2 अक्टूबर शुक्रवार को के.डी. पब्लिक स्कूल, गीता नगर, गुलाबरा में अशासकीय शाला संघ, विकासखंड छिंदवाड़ा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस अवसर पर जिला अशासकीय शाला संघ की संपूर्ण जिला कार्यकारिणी तथा विकासखंड छिंदवाड़ा के बड़ी संख्या में विद्यालय संचालक उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत भारत माता एवं मां सरस्वती की वंदना-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उनके राष्ट्रसेवा और देश के प्रति योगदान का स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में सर्वसम्मति से राजकुमार चौवितकर को विकासखंड अध्यक्ष, श्रीमती ममता धामनकर को सभापति, डॉ. राजकुमारी सोनी को उपाध्यक्ष, गुलाब सिंह सनोडिया को सचिव तथा श्रीमती नलिनी गायकवाड़ को सह-सचिव का दायित्व सौंपा गया।इसी क्रम में श्रीमती मीना जैन कोषाध्यक्ष, आकाश सोनी मीडिया प्रभारी, पंकज विश्वकर्मा संगठन मंत्री, अनिल शुक्ला खेल प्रभारी, आकाश अल्डक सह-खेल प्रभारी, इंद्रा उपाध्याय महिला प्रकोष्ठ प्रभारी, श्रीमती कीर्ति क्षेत्री सदस्यता प्रभारी, श्रीमती कीर्ति ताम्रकार सोशल मीडिया प्रभारी तथा शीतल हरपाल को संगठन प्रभारी नियुक्त किया गया। कार्यकारिणी के गठन के उपरांत जिला अध्यक्ष आंतनु दासगुप्ता ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई।
पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति निष्ठा रखते हुए अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा अशासकीय विद्यालय संचालकों के हितों में सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर जिला सचिव मनीष तिवारी ने नवीन कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय और सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया। उन्होंने पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत बनाने तथा सभी विद्यालय संचालकों के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता को सुदृढ़ करने तथा अशासकीय विद्यालय संचालकों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। उपस्थित संचालकों ने संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी रखे।
कार्यक्रम में जिला कार्यकारिणी की संपूर्ण टीम के साथ विकासखंड छिंदवाड़ा के बड़ी संख्या में विद्यालय संचालकों की उपस्थिति रही। इससे बैठक में संगठनात्मक एकजुटता और सक्रिय सहभागिता का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था एवं संचालन जिला सह-सचिव अंशुल उपाध्याय ने किया। बैठक का समापन संगठन को मजबूत बनाने तथा अशासकीय विद्यालय संचालकों के हितों में सामूहिक रूप से कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।