Home News Helpline Classified Jobs About Contact

नगर गौरव दिवस पर खजरी के तालाब और बोरिया में किया गया पौधारोपण

नगर गौरव दिवस पर खजरी के तालाब और बोरिया में किया गया पौधारोपण
छिंदवाड़ा
01-Sep-26
नगर पालिक निगम के नगर गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद  

छिंदवाड़ा

आगामी जलसंकट को देखते हुए हमें अभी से ही जल का अपव्यय रोकते हुए जल का संरक्षण करना होगा, हमें आने वाली पीढ़ी को भी जल का अपव्यय रोकने और संरक्षण करने की सीख देनी होगी। शहर सहित जिले को हरा-भरा व स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए हमें अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण भी करना होगा। यह बात सांसद बंटी विवेक साहू ने नगर गौरव दिवस के उपलक्ष्य में नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा द्वारा मंगलवार को खजरी स्थित तालाब परिसर में वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम को नर्मदा मिशन के संस्थापक सद्गुरु समर्थ भैया जी सरकार, महापौर विक्रम अहके, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव एवं जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने लोगों को एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं हरित छिंदवाड़ा का संदेश देते हुए कहा कि नगर निगम के द्वारा शहर को हरा-भरा, स्वच्छ सुंदर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि महापौर विक्रम अहके इस कार्य में महत्वपूर्ण भुमिका निभा रहे है। शहर में नगर निगम द्वारा लाखों की संख्या में सीड वॉल और पौधो का रोपण किया जा रहा हैं। हमारे द्वारा भी शहर में प्रतिदिन सुबह पौधरोपण किया जाकर लोगों को पौधों के संरक्षण और अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि नगर निगम छिन्दवाड़ा द्वारा नगर गौरव दिवस के अवसर पर खजरी तालाब परिसर एवं बोरिया क्षेत्र में फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने तालाबों के संरक्षण, वृक्षों की रक्षा तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, विभिन्न सामाजिक एवं संस्थाओं के अध्यक्ष, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारीः विक्रम अहके

इस अवसर पर महापौर विक्रम अहके ने कहा कि नगर गौरव दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि अपने शहर के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्यों का संकल्प लेने का दिन है। प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण आवश्यक है। महापौर श्री अहके ने कहा कि खजरी तालाब के किनारे किया गया यह पौधरोपण छिंदवाड़ा को हरित एवं सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी सभी लोग निभाएं, ताकि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर शहर की हरियाली और पर्यावरण संरक्षण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सके।

लोगों ने लिया संकल्प, कार्यक्रम में यह रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थितजनों ने प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं हरित छिंदवाड़ा के निर्माण का संकल्प लिया। नगर गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित इस वृहद पौधरोपण कार्यक्रम ने शहरवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नगर के प्रति सामूहिक सहभागिता, जिम्मेदारी और प्रकृति प्रेम का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर शंकरशाह विश्वविद्यालय के कुलगुरू इंद्रप्रसाद त्रिपाठी, सांसद प्रतिनिधि रोहित पोफली, मंडल अध्यक्ष लीला बजोलिया, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कांता ठाकुर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, वरिष्ठ भाजपा नेता संजय सक्सेना, मनोज कुशवाह, मनोज सक्सेना, प्रमोद शर्मा, बंटी उईके, पंडित राम शर्मा, बबलू विश्वकर्मा, शिवानी बंटी सक्सेना, विशवेन्द्र बैस, निशा गोस्वामी सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे। 
Share News On