अब हर माह होगी बिजली उपभोक्ताओं की जनसुनवाई
छिंदवाड़ा
03-Aug-26
प्रथम, द्वितीय और तृतीय मंगलवार को अलग-अलग स्तर पर लगेंगे शिविर

छिंदवाड़ा
प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए ऊर्जा विभाग ने प्रत्येक माह नियमित जनसुनवाई आयोजित करने का निर्णय लिया है। ऊर्जा मंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के निर्देशों के बाद प्रदेश की सभी विद्युत वितरण कंपनियों में यह व्यवस्था लागू की गई है।
नई व्यवस्था के अनुसार प्रथम मंगलवार को वितरण केंद्र, द्वितीय मंगलवार को संभागीय कार्यालय और तृतीय मंगलवार को वृत्त कार्यालय स्तर पर जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। यदि निर्धारित मंगलवार को शासकीय अवकाश रहेगा, तो जनसुनवाई अगले कार्य दिवस में होगी।
जनसुनवाई में बिजली बिल, विद्युत आपूर्ति, नए कनेक्शन तथा अन्य विद्युत संबंधी शिकायतों का पंजीयन कर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाएगा। विभाग ने अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित समाधान और नियमित समीक्षा के निर्देश दिए हैं।
अधीक्षण अभियंता (संचा-संधा) वृत्त छिंदवाड़ा सुनील कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रत्येक माह निर्धारित तिथियों पर शिविर एवं जनसुनवाई आयोजित होगी। उन्होंने विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए इन जनसुनवाई शिविरों का लाभ उठाएं।