Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

एनसीसी कैडेट्स ने रैली निकाली और शहीद मेजर को दी श्रद्धांजलि

एनसीसी कैडेट्स ने रैली निकाली और शहीद मेजर को दी श्रद्धांजलि
छिंदवाड़ा
13-Jul-26
अमर शहीद मेजर अमित ठेंगे को 24 एमपी बटालियन एनसीसी ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

छिन्दवाडा 

ग्रुप मुख्यालय जबलपुर एनसीसी एवं 24 एमपी बटालियन एनसीसी, छिंदवाड़ा के तत्वावधान में अमर शहीद मेजर अमित ठेंगे (सेना मेडल) की स्मृति में आज श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं प्रभात रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान अमर शहीद मेजर अमित ठेंगे अमर रहें के गगनभेदी नारों से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, डेनियलसन डिग्री कॉलेज, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, शासकीय एमएलबी स्कूल, निर्मल पब्लिक स्कूल एवं शासकीय विद्यालय रोहनाकलां सहित जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 500 से अधिक एनसीसी कैडेट्स, एनसीसी अधिकारी एवं पीआई स्टाफ शामिल हुए। सभी ने अनुशासन और उत्साह के साथ जिले के वीर सपूत को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

प्रभात रैली स्थानीय पुलिस ग्राउंड से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, जिला अस्पताल चौराहा होते हुए मानसरोवर कॉम्प्लेक्स स्थित मेजर अमित ठेंगे चौक पहुंची। रैली के दौरान कैडेट्स ने हाथों में तख्तियां लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा देशभक्ति और शहीदों के सम्मान में जोशीले नारे लगाए। पूरे मार्ग में मेजर अमित ठेंगे अमर रहें के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शहीद मेजर अमित ठेंगे के पिता श्री मधुकर राव ठेंगे, उनके भ्राता, 24 एमपी बटालियन एनसीसी छिंदवाड़ा के नवागत कमान अधिकारी कर्नल पी.के.वेलु, सूबेदार मेजर, लेफ्टिनेंट शेखर ब्रह्म, फर्स्ट ऑफिसर नीतू कलभोर, सेकंड ऑफिसर मुकेश कुरमेती, सेकंड ऑफिसर राकेश चतुर्वेदी, सेकंड ऑफिसर योगेश डोंगरे, सूबेदार चरण सिंह, नायक सूबेदार रविंद्र कुमार, बीएचएम निर्मल गुरुग, श्री सुभाष चंद्र, श्री अशोक ठाकुर, श्री कृष्ण बहादुर थापा सहित विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के एनसीसी अधिकारी तथा पीआई स्टाफ उपस्थित थे। सभी ने सैन्य प्रोटोकॉल के अनुसार शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मेजर अमित ठेंगे (सेना मेडल) की स्मृति में 24 एमपी बटालियन एनसीसी द्वारा एक माह तक विभिन्न सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में वन विभाग के सहयोग से एनसीसी कैडेट्स द्वारा 13 जुलाई तक छिंदवाड़ा, सिवनी एवं पांढुर्णा जिलों के विभिन्न स्थानों पर 5,500 से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है। इसके साथ ही युवाओं को सेना में भर्ती के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से तीनों जिलों में अग्निपथ भर्ती मार्गदर्शन महाअभियान भी संचालित किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि 13 जुलाई 2010 को कश्मीर में आतंकवादियों से वीरतापूर्वक मुकाबला करते हुए मेजर अमित ठेंगे ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान दिया था। उनकी वीरता और राष्ट्रसेवा के सम्मान में प्रतिवर्ष उनके स्मरण दिवस पर छिंदवाड़ा, सिवनी एवं पांढुर्णा जिलों में एक माह तक विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

इन कार्यक्रमों के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर, जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क स्टेशनरी वितरण, पर्यावरण संरक्षण अभियान, पौधारोपण तथा अन्य सामाजिक सेवा गतिविधियां संचालित की जाती हैं। इसी क्रम में इस वर्ष भी समाज सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। आगामी एक माह तक 24 एमपी बटालियन एनसीसी, छिंदवाड़ा द्वारा व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान जारी रहेगा।
Share News On