Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

छात्रों की 12 सूत्रीय मांगों को लेकर जीएसयू ने सौंपा ज्ञापन

छात्रों की 12 सूत्रीय मांगों को लेकर जीएसयू ने सौंपा ज्ञापन
छिंदवाड़ा
13-Jul-26
आंदोलन की चेतावनी

छिंदवाड़ा

गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन (जीएसयू) ने छात्रों और युवाओं की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव एवं जनजातीय कार्य विभाग के आयुक्त के नाम 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस दौरान गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एवं युवा मोर्चा ने भी संगठन का समर्थन किया।

राष्ट्रीय विधिक सलाहकार गगन भलावी एवं प्रदेश अध्यक्ष निखलेश शाह उइके के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की लंबित छात्रवृत्ति और आवास भत्ता का तत्काल भुगतान, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक मामलों की सीबीआई जांच, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के रिक्त पदों की पूर्ति, जर्जर स्कूल भवनों के निर्माण, महाविद्यालयों में समय पर पुस्तकें उपलब्ध कराने, 1.5 लाख रिक्त अतिथि शिक्षक पदों पर भर्ती, आदिवासी छात्रावासों में अधीक्षकों की नियुक्ति, मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ाने तथा खेल परिसरों को शीघ्र शुरू करने जैसी मांगें शामिल हैं।

प्रदेश अध्यक्ष निखलेश शाह उइके ने कहा कि यदि छात्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष बकुल धुर्वे, धनपाल धुर्वे, मिथुन धुर्वे सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Share News On