तामिया के सांदीपनी स्कूल पहुंचे सांसद, विद्यार्थियों किया संवाद
शिक्षा
22-Aug-26
विद्यालय की सुविधाओं और व्यवस्थाओं की ली जानकारी

छिन्दवाड़ा
सांसद बंटी विवेक साहू ने तामिया स्थित सांदीपनी विद्यालय का निरीक्षण करते हुए यहा अध्ययनरत विद्यार्थियों से पढ़ाई और सांदीपनी विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार पूर्वक संवाद किया। इस दौरान सांसद ने सांदीपनी विद्यालय में कक्षाओं में जाकर भी विद्यार्थियों से मुलाकात करते हुए पढ़ाई के संबंध में चर्चा की। सांसद ने जहा विद्यार्थियों से उनकी समस्याएं भी सुनी वहीं स्कूल प्रबंधन को विद्यार्थियों की समस्याओं का जल्द से जल्द से निराकरण करने का आदेश भी दिया।
इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने विद्यार्थियों को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन और सहयोग से सांदीपनी विद्यालयों के माध्यम से आदिवासी और ग्रामीण अंचलों में निवासरत विद्यार्थियों को बेहतर से बेहतर सुविधाओं के साथ अध्यापन कार्य कराने की सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आप सभी मन लगाकर और पूरी मेहनत के साथ पढ़ाई करते हुए उत्कृष्ट स्थान हासिल करे। उन्होंने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना भी की है। इस दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने विद्यालय में प्राचार्य सहित शिक्षक शिक्षिकाओं की बैठक लेते हुए विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली और कुछ सुझाव भी दिए।
इस अवसर पर तामिया जनपद अध्यक्ष तुलसा परतेती, भाजपा के वरिष्ठ नेता रोहित पोफली, रिजवान कुरैशी, विशवेन्द्र बैस, दयाराम इरपाची, पवन बंजारा, नितेश पटेल, विनोद अग्रवाल, वतन उपाध्याय, श्रीमती किरण वाजपेयी, गोपाल साहू, यशंवत कौरव, जुन्नारदेव एसडीएम सुश्री राजनंदनी ठाकुर, उत्कृष्ट विद्यालय छिन्दवाड़ा के पूर्व प्राचार्य सेवानिवृत्त अवधूत काले सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ सांदीपनी विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
सांसद ने किया पौधारोपण और दिया सरंक्षण का संदेश
तामिया स्थित सांदीपनी विद्यालय का निरीक्षण करने पंहुचे सांसद बंटी विवेक साहू ने परिसर में बच्चों के साथ पौधरोपण किया। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सांसद श्री साहू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सबका नैतिक कर्तव्य है। शुद्ध हवा, पानी और हरा-भरा जीवन हमारी असली पूंजी हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि इस धरा को सुरक्षित रखने का संकल्प लें, अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके फलते फूलते तक संरक्षण करें। प्लास्टिक का प्रयोग बंद करें और आने वाली पीढ़ी को एक स्वस्थ एवं सुंदर पृथ्वी उपहार में दें।