कैंसर और किडनी पीड़ितों को सांसद की पहल पर 6 लाख की सहायता
राजनीति
18-Aug-26
छिंदवाड़ा

गंभीर बीमारी से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर दो मरीजों के इलाज के लिए सांसद बंटी विवेक साहू की पहल पर प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 6 लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। दोनों मरीजों को 3-3 लाख रुपए की सहायता मिलेगी। इससे उनका नागपुर और गुजरात के नाडियाड स्थित अस्पतालों में इलाज हो सकेगा।
पत्रकार पवन शर्मा को कैंसर इलाज के लिए 3 लाख
छिंदवाड़ा निवासी वरिष्ठ पत्रकार पवन कुमार शर्मा कैंसर से पीड़ित हैं। सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयास पर प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से उनके इलाज के लिए 3 लाख रुपए की सहायता मंजूर हुई है। इस राशि से नागपुर के अस्पताल में उनका उपचार कराया जा सकेगा। वहीं हर्रई के ग्राम बारगी निवासी अनिल साहू किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। उनके इलाज के लिए भी 3 लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत हुई है। अनिल का उपचार गुजरात के नाडियाड स्थित अस्पताल में कराया जाएगा।
सांसद कार्यालय में लगातार पहुंच रहे मरीज
सांसद बंटी विवेक साहू की पहल पर छिंदवाड़ा-पांढुर्णा क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। आर्थिक रूप से कमजोर मरीज उपचार में मदद के लिए सांसद कार्यालय में आवेदन दे रहे हैं। सांसद की ओर से ऐसे आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए जरूरतमंद मरीजों के इलाज के लिए सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
परिजनों ने जताया आभार
सहायता राशि स्वीकृत होने पर दोनों मरीजों और उनके परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा सांसद बंटी विवेक साहू का आभार व्यक्त किया है। सांसद ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी जरूरतमंद का इलाज प्रभावित नहीं होना चाहिए और गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।