Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ का कर्तव्य बोध दिवस कार्यक्रम सम्पन्न

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ का कर्तव्य बोध दिवस कार्यक्रम सम्पन्न
छिंदवाड़ा
31-Jan-26
छिन्दवाड़ा 

 मध्यप्रदेश शिक्षक संघ द्वारा कर्तव्य बोध कार्यक्रम आज  31 जनवरी को कुंडालीकलां में सम्पन्न हुआ । यह कार्यक्रम शिक्षकों में कर्त्तव्य बोध के माध्यम से व्यक्तित्व निर्माण, संगठनात्मक दक्षता एवं राष्ट्र निर्माण में सहभागिता को केंद्र में रखते हुए आयोजित किया गया ।

संभागीय सह संगठन मंत्री शशि कुमार तिवारी, विकासखंड अध्यक्ष वीरेन्द्र शर्मा, जिला सचिव प्रदीप सूर्यवंशी, विकासखंड सचिव रवि सूर्यवंशी एवं जिला मीडिया प्रभारी दीपक साहू ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के इतिहास, परिचय एवं उद्देश्य की प्रस्तुति से हुआ जिसमें संगठन की कार्यपद्धति, मूल्य एवं राष्ट्रीय दायित्वों पर प्रकाश डाला गया ।

इस अवसर पर सैकड़ों प्रतिभागियों ने प्रार्थना के माध्यम से शारीरिक और मानसिक संतुलन के महत्त्व को आत्मसात किया । इसके पश्चात कार्यकर्ताओं में दायित्व एवं कर्तव्य बोध विषय पर संवाद हुआ जिसमें शिक्षकों को अपने सामाजिक, शैक्षिक एवं संगठनात्मक दायित्वों को गंभीरता से निभाने की प्रेरणा दी गई ।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा राष्ट्र के समक्ष चुनौतियाँ एवं समाधान विषय पर सामूहिक चर्चा । इसमें शिक्षा, संस्कृति, समाज, अर्थ एवं पर्यावरण से जुड़ी वर्तमान समस्याओं और उनके संभावित समाधान के लिये शिक्षक एवं समाज के कर्तव्यों पर व्यापक मंथन किया गया । संगठन के कार्यक्रम एवं पद्धति विषयक सत्र में संगठन द्वारा किए जा रहे नवाचार, प्रशिक्षण मॉडल एवं जनसंपर्क योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई ।

पंच परिवर्तन की अवधारणा

कार्यक्रम में विशेष रूप से पंच परिवर्तन, व्यक्तिगत, पारिवारिक, शैक्षिक, सामाजिक व राष्ट्रीय विषय पर विस्तार से संवाद हुआ । इस क्रम में कुटुम्ब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, भारतीय संस्कृति का संरक्षण एवं स्वदेशी अपनाओ अभियान पर विचार रखे गए ।

महिला नेतृत्व पर विमर्श

भारतीय नारी में नेतृत्व क्षमता एवं महिला सहभागिता में वृद्धि विषय पर सत्र में शिक्षिकाओं एवं महिला कार्यकर्ताओं ने विचार रखे । चर्चा में यह स्पष्ट हुआ कि नारी केवल सहयोगी नहीं अपितु समाज और राष्ट्र की नेतृत्वकर्ता शक्ति बनकर उभर रही है ।

संगठन विस्तार योजना

कार्यक्रम में प्रभावी प्रवास योजना एवं सदस्यता विस्तार पर कार्य योजना बनाई गई जिसमें संगठन के विचारों को नए क्षेत्रों तक पहुँचाने के लिए ठोस रणनीतियाँ बनाई गईं ।

अंत में संकल्प एवं समापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ । यह कार्यक्रम सभी प्रतिभागियों के लिए प्रेरणा अनुशासन और उद्देश्यबोध से परिपूर्ण रहा । कार्यक्रम में शिक्षकों के बहुआयामी विकास, संगठन की भूमिका, राष्ट्र निर्माण, महिला नेतृत्व, पंच परिवर्तन आदि विषयों पर सघन संवाद हुआ । इस अवसर पर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के सैकड़ो कार्यकर्ता, शिक्षक, शिक्षिकाएं उपस्थित थे ।


Share News On