शिक्षा संबल योजना में लक्ष्मी और गीतिका का चयन
शिक्षा
16-Jun-26
कोटा में मिलेगी निः शुल्क नीट कोचिंग
छिन्दवाडा
एलन माहेश्वरी परमार्थ न्यास एवं एलन कैरियर इंस्टिट्यूट के संयुक्त तत्वाधान में निर्धन वर्ग के परिवारों के विद्यार्थियों के लिए प्रतिवर्ष शिक्षा संबल योजना 2026 आयोजित की जाती है। कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के नेतृत्व में इस वर्ष इस परीक्षा का केंद्र छिंदवाड़ा में भी निर्धारित किया गया।

वर्ष 2026 की शिक्षा संबल योजना की परीक्षा 10 मई को उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में एलन इंदौर द्वारा आयोजित की गई। जिले के लिए यह गर्व का विषय है कि इस योजना में छिंदवाड़ा जिले से दो छात्राओं का चयन हुआ है। उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा की छात्रा लक्ष्मी विश्वकर्मा तथा परासिया मॉडल स्कूल की छात्रा गीतिका बघेल (जीव विज्ञान) का चयन योजना के अंतर्गत हुआ है।
लक्ष्मी विश्वकर्मा ने कक्षा 12वीं में 85.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं, जबकि गीतिका बघेल ने 93.2 प्रतिशत अंक अर्जित किए हैं। दोनों छात्राओं ने शिक्षा संबल योजना की परीक्षा उत्तीर्ण कर यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभाएं संसाधनों की मोहताज नहीं होती। इस योजना के तहत दोनों छात्राओं को एलन कोटा में एक वर्ष की निरूशुल्क नीट कोचिंग के साथ-साथ आवास एवं भोजन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी, जिसका संपूर्ण प्रबंध एलन द्वारा किया जाएगा।
परीक्षा का आयोजन 10 मई को श्रीमती अमिता शर्मा के प्रयासों से संपन्न हुआ, जिसमें जिले भर से हिंदी माध्यम जीव विज्ञान वर्ग के 65 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा के निरीक्षण के लिये जिला शिक्षा अधिकारी पी.एल. मेश्राम भी पहुंचे। उन्होंने परीक्षा उपरांत विद्यार्थियों को योजना से जुड़े लाभों की जानकारी दी तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
उल्लेखनीय है कि शिक्षा संबल योजना प्रतिवर्ष भारतवर्ष के हिंदी भाषी राज्यों के निर्धन परिवारों के विद्यार्थियों को निरूशुल्क नीट कोचिंग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है। छात्रा लक्ष्मी विश्वकर्मा एवं गीतिका बघेल की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री मेश्राम, एलन इंदौर से श्री सचिन दुबे, विद्यालय के प्राचार्य दिलीप ढोक, श्रीमती अमिता शर्मा तथा विद्यालय स्टाफ ने दोनों छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।