Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

गांवों में मुनादी कर भरी जाएगी आईटीआई की सीटें

गांवों में मुनादी कर भरी जाएगी आईटीआई की सीटें
शिक्षा
22-Jun-26

30 जून तक हो सकेंगे ऑनलाइन प्रवेश, जिला प्रशासन हुआ सक्रिय

छिन्दवाडा

जिले में संचालित आईटीआई में सत्र 2026-27 के लिए शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने तथा महिला अभ्यर्थियों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाएगा। आईटीआई में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित है। जारी निर्देशों के अनुसार शासन द्वारा उपलब्ध सीटों पर शत-प्रतिशत प्रवेश तथा महिला अभ्यर्थियों का न्यूनतम 35 प्रतिशत से अधिक प्रवेश सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस संबंध में जिले के विभिन्न विभागों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने जिले की सभी आईटीआई संस्थाओं की सीटों को पूर्ण क्षमता से भरने तथा विशेष रूप से बेटियों को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस अभियान को महत्वपूर्ण बताया है। 

ग्राम स्तर पर प्रचार-प्रसार

सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों को कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराकर ग्रामीणों तक आईटीआई प्रवेश की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र अभ्यर्थी अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग कर सकें।

महिला अभ्यर्थियों की सहभागिता

महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सुपरवाइजरों एवं स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों की बालिकाओं एवं महिलाओं को आईटीआई के विभिन्न रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों की जानकारी देकर प्रवेश के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विद्यालय स्तर पर काउंसलिंग

जिला शिक्षा अधिकारी एवं जनजातीय कार्य विभाग को निर्देशित किया गया है कि हाल ही में परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके विद्यार्थियों तथा कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को आईटीआई पाठ्यक्रमों एवं रोजगार अवसरों की जानकारी प्रदान की जाए।

Share News On