एक ही छत के नीचे चौदह कम्पनियों के लिए हुए साक्षात्कार
नौकरियां
29-Sep-26
देश की नामी कम्पनियों से जुड़े जिले के युवा

छिन्दवाड़ा अपडेट
शिक्षा और रोजगार पर कोरी घोषणाएं, दिखावे और भाषण नहीं सीधे जमीनी स्तर पर युवाओं को रोजगार से जोड़ने की मुहिम निर्बाध्य रूप से जारी है। युवा साक्षात्कार देकर देश और विदेश की नामी कम्पनियों में चयनित होकर आत्मनिर्भर बनकर परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बना रहे हैं। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ की रोजगारोन्मुखी यात्रा सतत रूप से जारी है जिससे छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले के युवा लाभांवित हो रहे हैं।
पूर्व मंत्री कमलनाथ एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ के प्रयासों से राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में लर्नेट संस्था के तत्वावधान में साक्षात्कार का आयोजन किया गया। प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होकर देर शाम तक चौदह राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कम्पनियों के प्रतिनिधियों ने सामूहिक व व्यक्तिगत साक्षात्कार लेकर युवाओं का उनकी योग्यतानुसार विभिन्न कम्पनियों में चयन किया गया। लगभग 230 युवाओं ने राजीव भवन पहुंचकर साक्षात्कार दिया जिसमें लगभग 94 युवाओं का चयन हुआ है।
इन कम्पनियों में हुआ युवाओं का चयन
छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले के युवाओं के लिए आयोजित साक्षात्कार में टाटा मोटर्स, फोक्सकॉन, टाटा इलेक्ट्रॉनिक, डिक्शन, टाटा अग्रतास, श्राइडर इलेक्ट्रॉनिक, मिता इंडिया प्राइवेट लिमि. टेफ, अडाणी सोलर, भारत ट्रेडिंग, जस्ट डॉयल, किमएल, हायर व जेडएफ इंडिया में युवाओं का चयन हुआ है।
आयोजित साक्षात्कार में उपस्थित युवा पीढ़ी को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि कमलनाथ जी एवं नकुलनाथ जी की वजह से देश और प्रदेश में छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना ही ऐसे जिले हैं जहां के युवाओं को लगातार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और आगे भी कराए जाएंगे। चयनित युवाओं को उज्जवल भविष्य के लिए नेताद्वय की ओर से हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी। जिन युवाओं का चयन नहीं हुआ उन्हें मन लगातार तैयारी करने और पुनः साक्षात्कार का मौका दिलाने हेतु आवश्वस्त किया। इस दौरान लर्नेट स्किल के प्रभारी साकिब बारी व संचालक राजीव श्रीवास्तव सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्तागण व बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।