Home News Helpline Classified Jobs About Contact

बौद्धिक संपदा अधिकार की विद्यार्थियों को दी जानकारी

बौद्धिक संपदा अधिकार की विद्यार्थियों को दी जानकारी
शिक्षा
28-Sep-26
इंदिरा गांधी पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में किया कार्यक्रम

छिंदवाड़ा अपडेट

सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत शासकीय इंदिरा गांधी पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, छिंदवाड़ा में विद्यार्थियों एवं युवाओं हेतु युवा काउंसलिंग एवं विषय विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पीएम एक्सीलेंस स्नातकोत्तर महाविद्यालय, छिंदवाड़ा के प्राचार्य एवं विषय विशेषज्ञ डॉ. अनिल जैन द्वारा विद्यार्थियों को ‘बौद्धिक संपदा अधिकार’ विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। संस्था प्राचार्य डॉ. आलोक यादव ने विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, रचनात्मकता एवं नवाचार को बौद्धिक संपदा बताते हुए कहा कि मानव मस्तिष्क से उत्पन्न रचनात्मक एवं नवाचारी विचारों तथा अमूर्त रचनाओं को कानूनी संरक्षण प्रदान करने में बौद्धिक संपदा अधिकार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रमुख वक्ता डॉ. अनिल जैन ने विद्यार्थियों को बौद्धिक संपदा अधिकार के विभिन्न स्वरूपों की जानकारी देते हुए पेटेंट, कॉपीराइट, ट्रेडमार्क एवं व्यापारिक गोपनीय सूचनाओं के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों द्वारा विकसित किए गए नए विचार, डिजाइन, तकनीकी समाधान, रचनाएं एवं अन्य नवाचार भविष्य में उनकी महत्वपूर्ण बौद्धिक संपदा बन सकते हैं, इसलिए उनके संरक्षण के कानूनी प्रावधानों की जानकारी होना आवश्यक है।

डॉ. जैन ने व्याख्यान को विद्यार्थियों के दैनिक जीवन एवं व्यावहारिक अनुभवों से जोड़ते हुए विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से विषय को सरल एवं रोचक ढंग से समझाया। उन्होंने ‘जो दिखता है, वो बिकता है’ की अवधारणा के साथ-साथ लोकप्रिय कार्यक्रमों एवं विभिन्न रचनात्मक उदाहरणों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता एवं नवाचार को पहचान देने तथा उसे कानूनी रूप से सुरक्षित रखने के लिए कॉपीराइट एवं पेटेंट की उपयोगिता से परिचित कराया। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने विषय से संबंधित प्रश्न पूछे एवं चर्चा में सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम का मंच संचालन कार्यक्रम समन्वयक श्रीमती नीलम खासकलम द्वारा किया गया। आभार प्रदर्शन सहायक कार्यक्रम समन्वयक राकेश कुमार कावरे द्वारा किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती ओम कटकवार, श्रीमती शाइस्ता अंसारी, कुमारी आकांक्षा बुनकर, श्रीमती ममता बघेल, श्रीमती स्वाति चौरसिया, श्रीमती शैली कराड़े, कुमारी ज्योति कामडे सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
Share News On