दिव्यांग प्रकोष्ठ सहसंयोजक ने की सिवनी में बैठक
राजनीति
28-Sep-26
छिंदवाड़ा

दिव्यांगजनों के हित एवं उनके सशक्तिकरण के लिए प्रदेश सह संयोजक दिव्यांगजन कल्याण प्रकोष्ठ भाजपा अरविंद कुमार बाथव ने विगत दिवस सिवनी जिले के प्रवास के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन और वरिष्ठ पदाधिकारियों से सौजन्य भेंट कर बैठक की और दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराने के संबंध में भाजपा द्वारा गठित दिव्यांग कल्याण प्रकोष्ठ की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, दिव्यांग प्रमाण-पत्र, सहायक उपकरण, पेंशन, शिक्षा, रोजगार एवं प्रकोष्ठ की जिलास्तरीय टीम गठित करने जैसे संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।
चर्चा के दौरान प्रदेश सह संयोजक बाथव ने कहा कि अंतिम सिरे के दिव्यांगजनों तक भी शासन की योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पहुंचाना आवश्यक है। इसके लिए पार्टी के सभी पदाधिकारियों को दिव्यांग अधिनियम 2016 के प्रावधानों का गंभीरता से अध्ययन करना चाहिए ताकि दिव्यांग जनों के अधिकार व कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जागरूकता का प्रसार हो सके। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज की शक्ति व महत्वपूर्ण भाग हैं। उनका सम्मान, स्वाभिमान, समान अवसर और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के हित में शासन-प्रशासन के साथ समन्वय कर निरंतर सकारात्मक प्रयास करना आवश्यक है। बैठक के दौरान सिवनी जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ठाकुर, जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल, भाजपा युवा मोर्चा सिवनी के पूर्व जिलाध्यक्ष वैभव पवार, वरिष्ठ पदाधिकारी प्रहलाद पटेल, अमित पांडे के साथ अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।