Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

हिन्दू सम्मेलन में राष्ट्र को बचाने सभी से एकजुट होने का किया आह्वान

हिन्दू सम्मेलन में राष्ट्र को बचाने सभी से एकजुट होने का किया आह्वान
छिंदवाड़ा
25-Jan-26
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर जगन्नाथ मैदान में रविवार को सम्मेलन में जुटे हजारों लोग 

छिंदवाड़ा।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को जगन्नाथ मैदान, नरसिंहपुर रोड, छिंदवाड़ा में भव्य एवं दिव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में संकट मोचन बस्ती, जनपद बस्ती, सत्यम शिवम बस्ती, कुसमेली बस्ती, शिवनगर बस्ती एवं लालबाग बस्ती से श्रद्धालु कलश यात्रा, वाहन यात्रा एवं पैदल यात्रा के माध्यम से कार्यक्रम स्थल पर पहुँचे और आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम में श्री गणेश पीठ पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर डॉ. वैभव आलोनी जी (श्री सिद्ध योग मठ, अखाड़ा गणेश मठ), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संपर्क प्रमुख सुनील देव तथा राष्ट्र सेविका समिति की प्रांत संपर्क प्रमुख सुनीता वर्मा प्रमुख अतिथि एवं वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

नदी संरक्षण राष्ट्रधर्म है : महामंडलेश्वर डॉ. वैभव आलोनी

महामंडलेश्वर डॉ. वैभव आलोनी जी ने अपने उद्बोधन में कहा, “नर्मदा का कंकर-कंकर शंकर है। यदि नदियाँ नहीं होंगी तो पितृ मुक्त कैसे होंगे। इसलिए नदी संरक्षण अनिवार्य है।” उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा जिले से 9 नदियों का उद्गम हुआ है, जिनका संरक्षण करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज प्रकृति पूजक है, लेकिन आज बच्चों के हाथों में मंत्रों के स्थान पर मोबाइल आ गया है, जिस पर चिंतन आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत भूमि पर रहने वाला प्रत्येक बंधु सांस्कृतिक रूप से हिंदू है।

पंच परिवर्तन से समाज का नव निर्माण : सुनीता वर्मा

राष्ट्र सेविका समिति की प्रांत संपर्क प्रमुख सुनीता वर्मा जी ने समाज से पंच परिवर्तन को आत्मसात करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पंच परिवर्तन में
स्व का बोध (स्वदेशी), नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता एवं कुटुंब प्रबोधन शामिल हैं। उन्होंने संस्कृत उक्ति “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” का उल्लेख करते हुए कहा कि माँ और मातृभूमि स्वर्ग से भी श्रेष्ठ हैं। उन्होंने समाज के लिए छह ‘भ’— भाषा, भूषा, भोजन, भजन, भवन एवं भ्रमण के शुद्ध और स्वदेशी स्वरूप को अपनाने पर बल दिया।

राष्ट्र जागरण का केंद्र है संघ की शाखा : सुनील देव 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संपर्क प्रमुख सुनील देव जी ने कहा कि “देश का प्रत्येक नागरिक राष्ट्रभक्त होना चाहिए।” उन्होंने बताया कि संघ की शाखा भाव निर्माण का स्थान है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि
“किरायेदार कभी मकान नहीं बनाता, मकान मालिक ही बनाता है—यह देश हमारा है, इसकी जिम्मेदारी भी हमारी है।” उन्होंने डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन पर प्रकाश डालते हुए संघ की राष्ट्र निर्माण की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली में 15 दिनों तक ट्रैफिक व्यवस्था संघ स्वयंसेवकों ने संभाली और एक भी दुर्घटना नहीं हुई, जो अनुशासन और सेवा भाव का उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि सोए हुए हिंदू समाज के जागरण के लिए ही ऐसे हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं और भारत बहुत शीघ्र विश्व महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है। अनुशासन, समरसता और राष्ट्रभाव का अद्भुत संगम पूरा सम्मेलन अनुशासन, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति के वातावरण से ओत-प्रोत रहा। उपस्थित नागरिकों ने इसे एक प्रेरणादायक और ऐतिहासिक आयोजन बताया।

चन्दन गांव में 31 जनवरी को होगा सम्मेलन 

छिंदवाड़ा के चन्दनगाव उपनगर में भी  31 जनवरी को विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारी चल रही है। 
Share News On