प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी ने भरा नीट के विद्यार्थियों में जोश
शिक्षा
14-May-26
दोबारा परीक्षा देने को एक नए अवसर के रूप में लें और अधिक तैयारी करके नीट की परीक्षा दें - प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी
छिन्दवाडा
प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी पी.एल. मेश्राम ने जिले भर के नीट की तैयारी कर रहे एवं परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक संदेश जारी किया है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा है कि वे किसी भी प्रकार से परेशान न हों, बल्कि पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी नीट परीक्षा की तैयारी जारी रखें। उन्होंने कहा कि दोबारा परीक्षा को एक नए अवसर के रूप में लें और अधिक बेहतर तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल हों।
उल्लेखनीय है कि 3 मई को आयोजित हुई नीट परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। ऐसे में जिले के अनेक विद्यार्थी, जिन्होंने पूरे वर्ष मेहनत कर परीक्षा दी थी, निराश हुए हैं। इस पर प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्री मेश्राम ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि वे निरंतर मेहनत करते रहें और बेहतर अध्ययन रणनीति के साथ अपनी तैयारी जारी रखें। उन्होंने बताया कि जल्द ही एन.टी.ए. द्वारा नई परीक्षा तिथि घोषित की जाएगी तथा नए प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे, जिसके लिए विद्यार्थियों को किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी ऊर्जा, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने का आग्रह किया। श्री मेश्राम ने बताया कि जिले के सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की नीट तैयारी को बेहतर बनाने के लिए एक घंटे की अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की गईं। साथ ही नोडल अधिकारी श्रीमती अमिता शर्मा एवं ऑनलाइन प्रभारी श्री विवेक कराडे द्वारा माह में दो बार ऑनलाइन टेस्ट आयोजित किए गए। इसके अलावा श्रीमती शर्मा एवं जिले के विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में विषयवार ऑफलाइन कक्षाएं संचालित की गईं, वहीं एलन कोचिंग द्वारा विद्यार्थियों को निरूशुल्क ऑनलाइन क्लासेस भी उपलब्ध कराई गईं है। उन्होंने कहा कि जिले के विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह के साथ परीक्षा की तैयारी की है और इसी उत्साह एवं आत्मविश्वास को बनाए रखने की आवश्यकता है।
प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्री मेश्राम ने यह भी बताया कि जेईई परीक्षा में विद्यार्थियों की मेहनत और विभाग की रणनीति के परिणामस्वरूप जिले के 20 विद्यार्थियों ने एडवांस परीक्षा के लिए क्वालीफाई किया है। उन्होंने इस सप्ताह आयोजित होने वाली जेईई एडवांस परीक्षा में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।