हिवरा वासुदेव नदी में हो रहा अवैध उत्खनन, प्रशासन मौन
छिंदवाड़ा
22-Jun-26
बजरंग दल ने तहसीलदार को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की
छिंदवाड़ा/मोहखेड़
हिवरा वासुदेव नदी से लगातार हो रहे अवैध बजरा रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर बजरंग दल प्रखंड मोहखेड़ ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। इस गंभीर समस्या को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं ने मोहखेड़ तहसील के तहसीलदार एवं जिला खनिज अधिकारी के नाम एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बजरंग दल ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस अवैध खनन पर पूरी तरह से रोक नहीं लगाई गई, तो संगठन क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन और चक्काजाम करने के लिए बाध्य होगा।
नदी का अस्तित्व खतरे में, गिर रहा जलस्तर
बजंरग दल के पदाधिकारियों ने बताया कि उमरानाला के समीप हिवरा वासुदेव नदी से कुछ भू-माफियाओं और असामाजिक तत्वों द्वारा बिना किसी वैध अनुमति और रॉयल्टी के दिन-रात धड़ल्ले से रेत निकाली जा रही है। इस अवैध उत्खनन के कारण नदी का प्राकृतिक स्वरूप पूरी तरह नष्ट हो चुका है, जिससे आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों का भूजल स्तर तेजी से नीचे जा रहा है। यदि यह स्थिति जारी रही, तो आने वाले समय में क्षेत्र को भीषण जल संकट का सामना करना पड़ेगा।
जर्जर हो रहीं सड़कें और पुल, दुर्घटनाओं का साया
कार्यकर्ताओं ने ध्यानाकर्षण कराते हुए कहा कि ओवरलोड डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली के तेज रफ्तार परिवहन से ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। नदी पर बने पुलों की नींव को भी इससे भारी नुकसान पहुँच रहा है। इसके अलावा, सड़कों पर रेत के वाहनों की अंधाधुंध रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भय का माहौल है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
बजंरग दल ने प्रशासन से मांग की है कि हिवरा वासुदेव नदी का तत्काल मौका मुआयना कर अवैध उत्खनन में लिप्त माफियाओं के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपते समय मुख्य रूप से विश्व हिन्दू परिषद छिंदवाड़ा विभाग मंत्री नकुल विश्वकर्मा ,बजंरग दल के प्रखंड संयोजक हर्षित लोखंडे, प्रखंड सह मंत्री अनिकेत खुदरेजिया, प्रखंड सुरक्षा प्रमुख तिलक खुदरेजिया, पीयूष जी, यश पाठे सहित संगठन के अनेक दायित्ववान पदाधिकारी एवं भारी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित थे।